रांची: राजधानी रांची के धुर्वा स्थित HEC की जमीन पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर बुधवार को लगातार दूसरे दिन माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। जिला प्रशासन की टीम बुधवार को दर्जनों जेसीबी मशीनों और भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। प्रशासन की कार्रवाई शुरू होते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और इसका विरोध करने लगे।
मौके पर प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच बहस और धक्का-मुक्की की खबरें सामने आ रही हैं। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है|
अधिकारी लगातार प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने और मौके पर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं।
दूसरे दिन भी जारी रही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, धुर्वा क्षेत्र में HEC की जमीन पर अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन की कार्रवाई मंगलवार से शुरू हुई थी। बुधवार को प्रशासन की टीम एक बार फिर बड़ी तैयारी के साथ मौके पर पहुंची।
दर्जनों जेसीबी मशीनों और सैकड़ों पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। वहीं, अपने घरों को टूटने से बचाने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतरकर विरोध कर रहे हैं।
घर बचाने के लिए सड़क पर उतरे लोग
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं। उनका सवाल है कि अगर उनके घर हटाए जा रहे हैं तो उनके रहने की वैकल्पिक व्यवस्था भी की जानी चाहिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक उनके सामने बेघर होने की स्थिति पैदा हो गई है। ऐसे में प्रशासन को पहले उनके पुनर्वास या रहने की व्यवस्था पर विचार करना चाहिए।
पहले ही दिया गया था घर खाली करने का नोटिस
प्रशासन की ओर से पहले ही संबंधित लोगों को घर खाली करने का नोटिस दिए जाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद कई लोगों ने अपने मकान खाली नहीं किए।
इसी के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। मंगलवार को भी कार्रवाई के दौरान प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच काफी बहस हुई थी। लोगों ने अपने आशियाने बचाने के लिए सड़क पर उतरकर विरोध किया था।
प्रशासन बनाम स्थानीय लोग, बढ़ता जा रहा तनाव
बुधवार को दूसरे दिन कार्रवाई शुरू होने के बाद एक बार फिर बड़ी संख्या में लोगों के सड़क पर उतरने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मौके पर मौजूद अधिकारी लगातार लोगों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े नजर आ रहे हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रशासन की कार्रवाई के बीच कोई समाधान निकलेगा या HEC की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी?
फिलहाल प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।