रांची: झारखंड में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। राज्य में अब तक 41 मरीजों में स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें सबसे अधिक 38 मरीज रांची के हैं, जबकि 3 मामले जमशेदपुर से सामने आए हैं। चिंता की बात यह है कि रांची में संक्रमित पाए गए मरीजों में 20 बच्चे भी शामिल हैं।

रांची में संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच एक निजी लैब में भी स्वाइन फ्लू के कुछ नए मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें एक बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है। इससे राजधानी में संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन की सतर्कता बढ़ गई है।

रिम्स में चार संदिग्ध मरीजों की जांच, सभी रिपोर्ट नेगेटिव

वहीं, रांची स्थित रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में स्वाइन फ्लू के संदेह में चार मरीजों के सैंपल की जांच की गई। राहत की बात यह रही कि जांच में सभी चार मरीजों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।

हालांकि, शहर में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद अस्पतालों में भी एहतियाती कदम बढ़ा दिए गए हैं।

रिम्स में मास्क पहनकर पहुंच रहे मरीज और परिजन

स्वाइन फ्लू के बढ़ते संक्रमण का असर रिम्स में भी देखने को मिल रहा है। अस्पताल की ओपीडी और टीबी एंड चेस्ट विभाग के बाहर कई मरीज और उनके परिजन मास्क लगाकर पहुंच रहे हैं।

बच्चों और बुजुर्गों को लेकर भी परिजन विशेष सावधानी बरत रहे हैं। अस्पताल पहुंचने वाले कई बच्चों और बुजुर्गों को मास्क पहनाकर लाया जा रहा है।

बच्चों को लेकर बढ़ी चिंता

रांची में सामने आए संक्रमित मरीजों में बड़ी संख्या बच्चों की होने से चिंता बढ़ गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।

फिलहाल, राज्य में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए अस्पतालों में सतर्कता बढ़ाई जा रही है और संदिग्ध मरीजों की जांच पर भी नजर रखी जा रही है।