रांची। झारखंड में तेजी से बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए अब शहरीकृत जिलों में स्मार्ट सिटी की तर्ज पर सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की योजना तैयार की जाएगी। इसके लिए भूमि, कनेक्टिविटी, आधारभूत संरचना, नागरिक सुविधाओं, रोजगार और भविष्य की आबादी की जरूरतों का आकलन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय में ग्रेटर रांची डेवलपमेंट अथॉरिटी (GRDA) और रांची स्मार्ट सिटी परियोजना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को इस दिशा में कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।

रांची स्मार्ट सिटी के विस्तार की भी योजना

मुख्यमंत्री ने रांची स्मार्ट सिटी के भविष्य में विस्तार की संभावनाओं पर भी योजना बनाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को शहर के दीर्घकालिक और संतुलित विकास को ध्यान में रखते हुए अभी से तैयारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में HEC से भूमि समेत अन्य विषयों पर संभावित बातचीत को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी जैसी परियोजनाओं से शहरी आधारभूत संरचना मजबूत होने के साथ निवेश, रोजगार, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

आने वाली पीढ़ियों को ध्यान में रखकर होगा विकास

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि शहरी विकास की योजनाओं में वर्तमान के साथ आने वाली पीढ़ियों की जरूरतों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। सरकार का लक्ष्य आधुनिक, सुरक्षित, समावेशी और सुव्यवस्थित शहरी परिवेश तैयार करना है।