सिमडेगा। झारखंड के सिमडेगा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग के गर्भवती होने और प्रसव से जुड़े मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने नामजद 40 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर घर के आंगन में दफन किए गए मृत शिशु को बरामद किया गया। घटनास्थल से एक कुदाल भी जब्त की गई है।

एसडीपीओ धर्मदेव पासवान के अनुसार, 22 अगस्त को नाबालिग की मां ने सदर अस्पताल में पुलिस को बयान दिया था। इसके आधार पर मुफस्सिल थाना में मामला दर्ज कर BNS और POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं में जांच शुरू की गई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में एक नाबालिग लड़के ने गर्भधारण से जुड़ी बात स्वीकार की थी। आरोप है कि लड़के की मां ने गर्भपात कराने के उद्देश्य से किशोरी को कथित तौर पर जड़ी-बूटी की दवा दी थी। इसके बाद किशोरी ने करीब छह माह के मृत शिशु को जन्म दिया।

आरोप है कि महिला मृत शिशु को बिना सूचना दिए अपने साथ ले गई और बाद में उसे घर के आंगन में दफना दिया। तबीयत बिगड़ने पर किशोरी को 22 अगस्त को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

एसपी श्रीकांत एस खोटरे के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।