रांची। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ चौधरी के बेटे अभिषेक चौधरी ने करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में हिंदपीढ़ी थाने में FIR दर्ज कराई है। FIR 15 अगस्त को दर्ज की गई है, जिसमें पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है।

आरोपियों में शहनवाज शेख, उनके भाई अफताब शेख और सफदर शेख, बहन तबस्सुम इसरार और शबनम शेख शामिल हैं। पूरा मामला जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़ा बताया गया है।

दर्ज शिकायत के अनुसार, वर्ष 2021 में आरोपियों ने अमिताभ चौधरी के सामने खलारी और चान्हो अंचल के केदल और रामदगा गांव में करीब 736 डिसमिल जमीन का सौदा किया था। जमीन की कीमत 20 हजार रुपये प्रति डिसमिल तय होने की बात कही गई है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, जमीन खरीदने के लिए अमिताभ चौधरी ने आरोपियों को अलग-अलग किस्तों में करीब 2 करोड़ रुपये दिए थे। पुलिस अब जमीन से जुड़े दस्तावेज, रुपये के लेन-देन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।