रांची। छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने आज, 11 अगस्त को झारखंड बंद का आह्वान किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने बंद का ऐलान किया था। बंद का असर राजधानी रांची के कई इलाकों में देखने को मिल रहा है।
सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ता और बंद समर्थक अलग-अलग इलाकों में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। कई जगहों पर टायर जलाकर विरोध जताया गया, वहीं कुछ स्थानों पर सड़क जाम कर आवागमन को प्रभावित किया गया।
हरमू चौक पर टायर जलाकर प्रदर्शन
रांची के हरमू चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर प्रदर्शन किया। बंद समर्थकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का विरोध किया।
इसी तरह कांके रोड स्थित CMPDI गेट के पास भी बंद समर्थकों ने सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
न्यूक्लियस मॉल के पास भी प्रदर्शन
राजधानी के न्यूक्लियस मॉल के पास भी बंद समर्थकों ने टायर जलाकर विरोध जताया। इसके अलावा कई अन्य स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक सड़क पर उतरकर बंद को सफल बनाने की कोशिश करते नजर आए।
जेपी मार्केट और धुर्वा बस स्टैंड में दुकानें बंद कराने की कोशिश
बंद समर्थकों ने जेपी मार्केट और धुर्वा बस स्टैंड इलाके में दुकानदारों से दुकानें बंद रखने की अपील की। इस दौरान कई दुकानों को बंद कराया गया।
वहीं अरगोड़ा चौक पर बंद समर्थक सड़क पर बैठ गए, जिससे कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
शालीमार बाजार में भी दिखा बंद का असर
रांची के सेक्टर-3 में साप्ताहिक शालीमार बाजार लगा, लेकिन सामान्य दिनों की तुलना में बाहर से आने वाले दुकानदारों की संख्या कम रही। बंद के कारण बाजार की गतिविधियों पर भी असर देखने को मिला।
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में BJP का बंद
भाजपा का कहना है कि छात्रों के आंदोलन के दौरान पुलिस की कार्रवाई और लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड बंद का आह्वान किया गया है। पार्टी ने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की है।
राजधानी में कई स्थानों पर प्रदर्शन के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। बंद के दौरान किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है।