चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनापोस पंचायत के आंवला टोला रेडगासाई गांव में एक मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। घर के पालतू कुत्ते और बकरी को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते रिश्तेदारों के बीच हिंसक झड़प में बदल गई, जिसमें मामा और भगिनी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना सोमवार देर शाम की बताई जा रही है। घायल महिला की पहचान सावित्री पिंगुवा (30 वर्ष), पति मंगल सिंह पिंगुवा, तथा दूसरे पक्ष के सिंगराई भुसुय (32 वर्ष), पिता लादु भुसुय, के रूप में हुई है। दोनों आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।

कुत्ते और बकरी को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, सावित्री पिंगुवा के पालतू कुत्ते और सिंगराई भुसुय की बकरी एवं मुर्गियों को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार को इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई।

सावित्री पिंगुवा ने आरोप लगाया कि सिंगराई भुसुय ने ट्रैक्टर के रॉड से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनके सिर से काफी खून बहने लगा।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाया हमला करने का आरोप

वहीं सिंगराई भुसुय और उनकी पत्नी सुखमति भुसुय का कहना है कि सावित्री के कुत्ते द्वारा उनकी बकरी और मुर्गियों को बार-बार नुकसान पहुंचाया जाता था। जब उन्होंने इस बात की शिकायत की तो सावित्री पिंगुवा ने जलावन की लकड़ी से सिंगराई भुसुय के सिर पर वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पहले हमला करने का आरोप लगाया है।

घायल अवस्था में पहुंचे थाना

मारपीट के बाद दोनों पक्ष लहूलुहान हालत में मझगांव थाना पहुंचे। सावित्री पिंगुवा स्कूटी से थाना पहुंचीं, जबकि सिंगराई भुसुय अपनी पत्नी और छह छोटे बच्चों के साथ ट्रैक्टर में सवार होकर बारिश के बीच थाना पहुंचे।

दोनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मझगांव पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायलों को मझगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

अस्पताल में चल रहा इलाज

मझगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सक डॉ. सनातन चातार की देखरेख में दोनों घायलों का उपचार किया गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दोनों को टांके लगाए गए। समाचार लिखे जाने तक दोनों घायलों का इलाज अस्पताल में जारी था।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस दोनों पक्षों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है कि एक मामूली विवाद ने रिश्तेदारों के बीच इतना बड़ा रूप ले लिया कि मामला खूनी संघर्ष तक पहुंच गया।