राजधानी रांची स्थित लोक भवन में बुधवार को आयोजित गरिमामय समारोह में राज्य के नवनियुक्त सूचना आयुक्तों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने संवैधानिक प्रावधानों के तहत सभी नव-नियुक्त सूचना आयुक्तों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन विशेष रूप से उपस्थित रहे और समारोह में शामिल हुए।

शपथ ग्रहण करने वाले सूचना आयुक्तों में अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, शिवपूजन पाठक एवं अमूल्य नीरज खलखो शामिल हैं। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सभी नवनियुक्त आयुक्तों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी सूचना आयुक्त अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करेंगे तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सूचना के अधिकार को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।

समारोह में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी तथा बैद्यनाथ राम समेत राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक पदाधिकारी और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सभी ने नवनियुक्त सूचना आयुक्तों को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।