113 साल का हुआ बिहार, राष्ट्रपति-पीएम-सीएम ने दी बधाई
बिहार शनिवार को अपना 113वां स्थापना दिवस मना रहा है। बिहार दिवस पर सत्ता-पक्ष और विपक्ष की ओर से बधाइयों का तांता लग गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने सभी बिहारवासियों को बिहार दिवस की बधाई दी है। नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया X पर एक वीडियो पोस्ट कर बिहार की जनता से अपील की है कि बिहार दिवस ही एक ऐसा दिवस है जिसे हम बिहार होने के नाते मनाते हैं। होली, दीवाली आदि त्यौहार तो सभी मनाते हैं, लेकिन बिहार दिवस हम बिहारी होने के नाते मनाते हैं। इसलिए इस दिवस को त्यौहार के रूप में मनायें।
बता दें कि आज ही के दिन 22 मार्च 1912 को ही बंगाल प्रांत से अलग बिहार की स्थापना की गयी थी। आज बिहार की स्थापना के 113 साल पूरे हो गये।
बिहार दिवस राज्य की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक धरोहर को याद करने और राज्य की समृद्धि, विकास तथा उपलब्धियों का उत्सव मनाने का अवसर है। इसलिए आज बिहार दिवस के अवसर पर राज्य भर में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेला और उत्सव आयोजित किया जा रहा है।
बिहार का इतिहास काफा समृद्ध रहा है। इनका भारतीय इतिहास में महत्वपूर्ण योगदान है। बोधगया में भगवान बुद्ध ने ज्ञान प्राप्त किया, नालंदा विश्वविद्यालय को प्राचीन काल में ज्ञान केंद्र कहा जाता था। बिहार को चंद्रगुप्त मौर्य और अशोक जैसे महान सम्राटों के लिए भी जाना जाता है। महान गणितज्ञ और खगोलशास्त्री आर्यभट्ट का जन्म भी बिहार में ही हुआ। ऐसे में हम ये कह सकते हैं कि ये सभी बिहार की गौरवशाली धरोहर के प्रतीक हैं।
देशभर में भाजपा मना रही बिहार दिवस
बिहार दिवस के अवसर पर भाजपा के तमाम नेता देशभर में लगभग 75 स्थानों पर आयोजित होने वाले समारोहों का हिस्सा ले रहे हैं। ये समारोह एक सप्ताह तक आयोजित किए जाएंगे। भाजपा ने इस आयोजन को ‘स्नेह मिलन’ का नाम दिया है और इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल का हिस्सा बताया है। इस पहल के तहत देश की विविध संस्कृति को हर जगह मनाने की परिकल्पना की गई है। पार्टी नेताओं को बिहार की गौरवशाली विरासत और राज्य को विकसित बनाने के सरकार के प्रयासों को इन आयोजनों में रेखांकित करने को कहा गया है। इस साल बिहार दिवस की थीम- ”उन्नत बिहार, विकसित बिहार” है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने दी बिहार दिवस की बधाई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बिहार के लोगों को राज्य स्थापना दिवस पर बधाई दी है। राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘बिहार दिवस पर राज्य के सभी निवासियों को मैं हार्दिक बधाई देती हूं। बिहार की धरती प्राचीन काल से ही ज्ञान और विकास का केंद्र रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेरा विश्वास है कि बिहार के निवासी अपनी प्रतिभा, दृढ़ संकल्प तथा परिश्रम के बल पर विकसित बिहार और विकसित भारत के निर्माण में अपना भरपूर योगदान देते रहेंगे।’’
पीएम मोदी ने दी बिहार दिवस की बधाई
पीएम मोदी ने बिहार दिवस की बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, “वीरों और महान विभूतियों की पावन धरती बिहार के अपने सभी भाई-बहनों को बिहार दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। भारतीय इतिहास को गौरवान्वित करने वाला हमारा यह प्रदेश आज अपनी विकास यात्रा के जिस महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है, उसमें यहां के परिश्रमी और प्रतिभाशाली बिहारवासियों की अहम भागीदारी है। हमारी संस्कृति और परंपरा के केंद्र-बिंदु रहे अपने इस राज्य के चौतरफा विकास के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे।”
सीएम ने दी बिहार दिवस की बधाई
बिहार दिवस के अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, “बिहार दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। बिहार का इतिहास गौरवशाली है और हम वर्तमान में अपने निश्चय से बिहार का गौरवशाली भविष्य तैयार कर रहे हैं। विकसित बिहार के सपने को साकार करने में भागीदारी के लिए मैं आप सभी का आह्वान करता हूं। हम सब मिलकर बिहार के गौरव को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे।”
चिराग पासवान ने दी बिहार दिवस की बधाई
वहीं केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) पार्टी के नेता चिराग पासवान ने भी एक्स पर बिहार दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “गर्व से कहो, हम बिहारी है! बिहार के स्थापना दिवस पर सभी बिहार वासियों को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं।”
तेजस्वी यादव ने दी बिहार दिवस की बधाई
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने X पर पोस्ट कर बिहार की जनता को बिहार दिवस की बधाई दी है। तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में दिखा- बिहार दिवस के अवसर पर आप सबों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
बिहार भारत के अस्तित्व का हिस्सा है, हमारी पहचान और हमारी जान है। बिहार विभिन्न धर्मों की उद्गमस्थली, महापुरुषों की जन्मस्थली, लोकतंत्र की जननी, वीरों की कर्मभूमि, गौरवशाली इतिहास, समृद्ध विरासत, ज्ञान, सद्भावना कर्म, संस्कृति और समता की पावन धरा है।
आज का दिन हमारे पुरखों के बलिदान, पराक्रम एवं योगदान को नमन करने के साथ-साथ उन्हें श्रद्धांजलि देने का सुअवसर प्रदान करता है। साथ ही यह हमें आत्म अवलोकन करने तथा नई रूप रेखा तैयार कर नए संकल्प, नयी ऊर्जा और स्फूर्ति से आगे बढ़ने की भी प्रेरणा देता है।
आइये हम सब मिलकर आपसी विश्वास, प्रेम, भाईचारे, सामाजिक एवं धार्मिक सद्भाव के साथ बिहार की उन्नति, प्रगति, विकास और समृद्धि में निरंतर योगदान करते हुए बिहार के गौरव को आगे बढ़ाएं। सभी बिहार के गौरवशाली इतिहास, प्रगतिशील वर्तमान के साथ-साथ बिहार के सुनहरे भविष्य के लिए मिलकर कार्य करें। हम सब युवाओं ने मिलकर युवाओं की सबसे अधिक आबादी वाले बिहार का नवनिर्माण कर देश का सबसे विकसित प्रदेश बनाना है।
न्यूज डेस्क/समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
यह भी पढ़ें:अवैध रूप से बोरिंग करके पानी का व्यापार करने वालों की खैर नहीं, मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने दी चेतावनी