शिक्षा मंत्रालय ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा (Sam Pitroda) के उस बयान को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि आईआईटी रांची के छात्रों से डिजिटल संवाद (वेबिनार) के दौरान किसी ने हैकिंग करके आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की। उनके इस दावे पर शिक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर कहा कि रांची में आईआईटी है ही नहीं, जिसके छात्रों को संबोधित करने का दावा सैम पित्रोदा ने किया है।
‘रांची में कोई IIT नहीं’
शिक्षा मंत्रालय ने पित्रोदा (Sam Pitroda) के दावे का फैक्ट चेक करते हुए कहा कि उनका दावा झूठा और अज्ञानता से भरा है। मंत्रालय ने पित्रोदा के बयान की निंदा की है और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। शिक्षा मंत्रालय ने कहा है कि इस प्रमुख संस्थान की छवि को खराब करने के ऐसे किसी भी प्रयास के लिए कानूनी परिणाम भुगतने होंगे। शिक्षा मंत्रालय ने यह भी कहा कि यह स्पष्ट किया जाता है कि रांची में कोई IIT नहीं है। इसलिए वीडियो में कही गई बात न केवल निराधार है बल्कि अज्ञानता से भी भरी है। रांची में एक भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) है। मगर आईआईआईटी रांची ने इस बात की पुष्टि की है कि संस्थान ने सैम पित्रोदा को किसी भी सम्मेलन/सेमिनार में व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित नहीं किया था।
न्यूज़ डेस्क/ समाचार प्लस, झारखंड – बिहार
ये भी पढ़ें : JPSC सिविल सेवा घोटाले के 10 आरोपितों की जमानत याचिका CBI कोर्ट से खारिज