Jharkhand: विधानसभा के विशेष सत्र में पक्ष-विपक्ष में खूब चले आरोपों के वाण, सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

Jharkhand: There was a lot of accusations between the opposition and the parties in the special session of the Assembly.

झारखंड के विधानसभा में आज विशेष सत्र के दूसरे दिन सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर आरोप-प्रत्यारोप हुए। विधानसभा में मंगलवार को राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव होना था, लेकिन दोनों ही पक्ष एक दूसरे पर आरोपों के तीर छोड़ने में व्यस्त रहे। अभिभाषण पर चर्चा के बाद सदन की कार्रवाई को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।

जनादेश का चीरहरण

झामुमो विधायक सुदिव्य सोनू ने कहा कि विपक्षी लोगों ने राज्य में जनादेश के हरण का कुत्सित प्रयास किया। इसमें राजभवन भी शामिल है। राजभवन ने लोकतंत्र के मूल्यों को तार-तार किया है।

राहुल गांधी ने दिखाया क्या है आदिवासियों के प्रति कांग्रेस की भावना – नीलकंठ मुंडा

भाजपा विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भगवान बिरसा मुंडा के गांव उलिहातू नहीं गये। जो बतलाता है कि आदिवासी समाज के प्रति उनकी क्या भावना है।

बिरंची नारायण ने दी मुख्यमंत्री को सलाह

भाजपा के बिरंची नारायण ने कहा कि चम्पाई सोरेन सरकार हेमंत सरकार पार्ट-2 ना बने। बालू, पत्थर, जमीन की लूट में कहीं उसे जेल की सलाखों के पीछे ना जाना पड़े। साइकिल पर कोयला लाद कर चलने वालों (राहुल गांधी) को समझना होगा कि ये कोयले की ढुलाई नहीं करते हैं, चोरी करते हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासियों को बहला-फुसला कर धर्म परिवर्तित किया जा रहा है। आदिवासियों की डेमोग्राफी कई जगहों में बदल गयी है। झारखंड को  टुकड़े-टुकड़े में बांटा जा रहा है।

इरफान ने राज्यपाल पर की कड़ी टिप्पणी

विधायक इरफान अंसारी ने अपने सम्बोधन में राज्यपाल को तानाशाह तक बता दिया। उन्होंने कहा कि हमें दक्षिण के राज्य, वहां की कला संस्कृति, रहन-सहन पसंद है लेकिन राज्यपाल को यहां के आदिवासी नहीं सुहाते। वास्तव में राजभवन को भाजपा कार्यालय के द्वारा चलाया जा रहा है।

राज्यपाल का अभिभाषण झूठ का पुलिंदाः लंबोदर महतो

आजसू पार्टी विधायक लंबोदर महतो ने राज्यपाल के अभिभाषण को झूठ का पुलिंदा बताया। उन्होंने कहा कहा कि सरकार नहीं चाहती कि उसकी पोल खुले। चम्पाई सोरेन भी टाइगर के रूप में विख्यात हैं। यदि वे खुद को पार्ट- 2 बता रहे हैं तो उन्हें चाहिए कि 1932 खतियान आधारित नीति, ओबीसी आरक्षण, जातीय गणना जैसे काम को पूरा करायें।

मिथिलेश ठाकुर ने राज्यपाल पर उठाये सवाल

मिथिलेश ठाकुर ने अपने सम्बोधन में कहा की राजभवन ने सरकार बनाने में 40 घंटे तक इंतजार क्यों किया। बिहार में जबकि चार घंटे के भीतर नीतीश सरकार को शपथ दिला दी गयी, भाजपा पिछले दरवाजे से लोकतंत्र की हत्या में लगी है।

विधायक प्रदीप यादव ने आजादी के दौरान भाजपाई लोगों के योगदान पर सवाल पूछते हुए कहा कि ये तानाशाह लोग हैं। आजादी और उसके बाद संविधान के कारण ही आज यहां आदिवासी, ओबीसी, दलित वर्ग के लोग दिख रहे हैं। इनका (भाजपा) वश चलता तो यह देश मनुस्मृति से चलता।

हमलोग विधायक नहीं हैं तो बोल दीजिए: मनीष जायसवाल

भाजपा विधायक मनीष जायसवाल ने राज्यपाल के अभिभाषण पर संशोधन का प्रस्ताव दिया था। यह प्रस्ताव सदन में नहीं आने पर उन्होंने कहा कि हमलोग विधायक नहीं हैं तो बोल दीजिये। इसपर स्पीकर ने कहा कि आपसे किसने कह दिया कि आप विधायक नहीं हैं। अपने दिमाग में जो कुछ लेकर आते हैं, उसी को सदन में परोसने का काम करते हैं। आप सीधा आसन पर आक्षेप लगा देते हैं।

सत्ता पक्ष ने राज्यपाल का मान-सम्मान तार-तार किया : अमर बाउरी

विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने कहा कि राज्यपाल हमारे कस्टोडियन हैं। लेकिन सत्ता पक्ष के लोग उनके मान-सम्मान को तार-तार कर रहे हैं।

मेरे खिलाफ आरोप सिद्ध हुआ तो इस्तीफा : ढुल्लू महतो

भाजपा विधायक विधायक ढुल्लू महतो ने हेमंत सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें तीन बार जेल भेजा गया है। यदि चम्पाई सोरेन आदिवासियों, दलितों और पिछड़ों के सच्चे हितैषी हैं तो उनपर लगे आरोपों की सीबीआई जांच करायें। आरोप सही हुआ विधायक पद से इस्तीफा दे देंगे।

न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार

यह भी पढ़ें: Bihar: राज्यभर में 2165 पंचायत भवन बनाएगी नीतीश सरकार, कैबिनेट से पारित 14 एजेंडों में और क्या-क्या?

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *