पशु कल्याण के लिए राज्य में बहुत जल्द NGO के साथ वृहद सेमिनार
कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की का योजना समीक्षा बैठक का दौर जारी है। रांची के पशुपालन निदेशालय में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने जीव जंतु कल्याण बोर्ड और बीज निगम को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक के बाद मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि पशु के कल्याण को लेकर धरातल पर काम करने वाले NGO के साथ बहुत जल्द एक वृहद सेमिनार आयोजित किया जाएगा। पशु से संबंधित बहुत सारी जानकारी विभाग के पास भी नहीं है, पर NGO इस पर लगातार काम कर रही है। जमीनी स्तर पर इनका काम दिखता भी है। इसलिए NGO के अनुभव और पशु कल्याण को लेकर किये गये अध्ययन का लाभ विभाग लेगी।
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि आज देश के कई राज्य बीज उत्पादन में ना सिर्फ आत्मनिर्भर है, बल्कि वे अन्य राज्यों को भी बीज सप्लाई कर रहे है। वहीं झारखंड आज भी बीज के मामले में दूसरे राज्यों पर निर्भर है। विभाग हर साल लाखों-करोड़ों रुपये बीज खरीद और वितरण पर खर्च करता है। विभाग का लक्ष्य आने वाले समय में झारखंड को बीज उत्पादन में आत्म निर्भर बनाना है। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा है कि अभी हाल ही में विभाग की टीम ने उनके साथ कर्नाटक का दौरा किया था। कर्नाटक बीज उत्पादन में किस नीति और शोध को अपना रहा है उसे ग्रहण करने की जरूरत है। तभी बीज वितरण में झारखंड भी अपनी अलग पहचान बना पाएगा।
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
यह भी पढ़ें: ‘सुप्रीम’ फैसला! सीटेट पास अभ्यर्थी नहीं बन पायेंगे सहायक आचार्य, HC का फैसला पलटा