गांडेय उपचुनाव के लिए नामांकन से पहले कल्पना ने शिबू सोरेन और सास रूपी सोरेन से लिया आशीर्वाद, सोशल मीडिया पर पोस्ट किया सन्देश

kalpana soren

गांडेय विधानसभा उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा की उम्मीदवार कल्पना मुर्मू सोरेन ने रविवार को मोरहाबादी स्थित आवास जाकर पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन ने ससुर शिबू सोरेन और सास रूपी सोरेन से मुलाकात की। उनके पांव छुये और आशीर्वाद लिया। कल्पना मुर्मू सोरेन सोमवार को गांडेय में अपना नामांकन दाखिल करेंगी। नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन सहित इंडिया ब्लॉक के अन्य नेता, झामुमो के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद जनसभा भी होगी। गौरतलब है कि 31 दिसंबर 2023 को डॉ. सरफराज अहमद के इस्तीफा देने के बाद गांडेय सीट खाली हुई थी जहां उपचुनाव होगा।

Image

मुलाकात की तस्वीर शेयर कर कल्पना ने ये लिखा
मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए कल्पना मुर्मू सोरेन ने लिखा है कि “आंदोलन, संघर्ष और शहादत से बने विशाल वृक्ष का नाम है झामुमो। झारखंड वासियों के हक-अधिकार के लिए अंतिम सांस तक लड़ने वाले संघर्ष का नाम है झामुमो। झारखंड मुक्ति मोर्चा अध्यक्ष आदरणीय बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन द्वारा मुझे गांडेय विधानसभा उपचुनाव लड़ने का निर्देश दिया गया है। उपचुनाव हेतु झामुमो के तीर-कमान की शक्ति के साथ कल नामांकन पत्र दाखिल करने से पूर्व आज आदरणीय बाबा, मां और दीदी का आशीर्वाद लिया।  झारखंडी अस्मिता की रक्षा करने वाले सच्चे सिपाही हेमन्त जी की जीवन संगिनी, मैं, कल्पना मुर्मू सोरेन, झामुमो की सिपाही के रूप में झारखण्ड और गांडेय विधानसभा की जनता के हक-अधिकार के लिए जीवनपर्यंत कार्य करती रहूंगी। आप सभी के स्नेह और आशीर्वाद के साथ आने वाले वक्त में गांडेय विधानसभा की तस्वीर बदली जाएगी। जोहार। झारखंड मुक्ति मोर्चा जिंदाबाद!दिशोम गुरु शिबू सोरेन जिंदाबाद। हेमंत सोरेन जिंदाबाद। जय झारखंड।

Image

गिरिडीह में लॉन्चिंग से पहले भी लिया था आशीर्वाद
गौरतलब है कि इससे पहले गिरिडीह में पार्टी के स्थापना दिवस समारोह के मौके पर आयोजित जनसभा में शामिल होने से पहले भी कल्पना मुर्मू सोरेन ने मोरहाबादी स्थित आवास जाकर शिबू सोरेन और रूपी सोरेन से मुलाकात की थी। उनका आशीर्वाद लिया था। तब भी कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा था कि वह गुरुजी की आशीर्वाद से अपने सार्वजनिक जिंदगी की शुरुआत करने जा रही हैं।

इसे भी पढें: गिरिडीह लोकसभा से 1 मई को नामांकन करेंगे जयराम महतो

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *