Jharkhand: चम्पाई सोरेन मंत्रिमंडल में पुराने चेहरे ही रहेंगे बरकरार! नजर आयेंगे दो नये चेहरे!

Jharkhand: Old faces will remain intact in Champai cabinet! Two new faces!

झारखंड के मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन मंत्रिमंडल शाम 4.00 बजे पद और गोपनीयता की शपथ लेने वाला है। झारखंड की पल-पल बदलती राजनीति में कई चेहरों के नाम मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए सामने आ रहे हैं। लेकिन लगता है मंत्रिमंडल के वही चेहरे ही नजर आयेंगे जो कि पूर्व मंत्री हेमंत सोरेन सरकार में थे। बदलाव अगर होगा भी तो यह नाम मात्र का ही होगा। सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल में फेरबदल नहीं करने का हेमंत सोरेन इच्छा जाहिर कर चुके हैं। इसलिए लगता है कि सीएम चम्पाई सोरेन उसका पूरा सम्मान करेंगे। कम से कम झामुमो के कोटे के मंत्रियों में बदलाव नहीं होगा। यहां यह बताना जरूरी है कि हेमंत सोरेन सरकार में कुल 11 मंत्री थे।

चम्पाई सोरेन सरकार में 12 मंत्रियों के शामिल किये जाने की सम्भावना जतायी जा रही है। इसलिए झामुमो के दो और विधायकों के मंत्री बनने की सम्भावना बढ़ गयी है। ऐसा इसलिए, क्योंकि हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद मंत्रियों की संख्या 10 हो गयी थी। और चूंकि 12 मंत्री बनाये जाने हैं, इसलिए दो और मंत्रियों की जरूरत होगी। ये दोनों मंत्री झामुमो से ही होंगे, इतना तय है। झामुमो से दो नये मंत्रियों में एक नाम बसंत सोरेन का होना तय है। क्योंकि झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन के परिवार से कोई एक मंत्री तो होगा ही। रही बात सीता सोरेन की तो उनके लिए कुछ ‘विशेष’ की चर्चा सुनने में आ रही है। सूत्रों के अनुसार झामुमो उन्हें राज्यसभा भेजने पर विचार कर रहा है। एक और नाम मथुरा प्रसाद का सामने आ रहा है।

हालांकि पिछले कुछ दिनों से मंत्रिपद के लिए कई नामों की अटकलें लग रही थीं। बसंत सोरेन, स्टीफन मरांडी, सुदिव्य सोनू, मंगल कालिंदी के भी नाम सामने आ रहे है। चम्पाई सोरेन मंत्रिमंडल में दो उप मुख्यमंत्री होंगे। पूरी उम्मीद है कि इनमें से एक नाम बसंत सोरेन का होगा, दूसरे उप मुख्यमंत्री के लिए आलमगीर आलम के नाम की चर्चा है।

हालांकि कांग्रेस के कोटे से मंत्रियों के नाम तय करना पार्टी आलाकमान पर निर्भर है, इसलिए अगर कांग्रेस कोटे के मंत्री रिपीट नहीं हुए तो जैसे चर्चाएं पिछले दिनों से चल रही हैं, उसके अनुसार इस बार बादल पत्रलेख और रामेश्वर उरांव मंत्रियों की सूची से बाहर हो सकते हैं। कांग्रेस के बन्ना गुप्ता के घर के आसपास जैसा माहौल देखा जा रहा है इसके अनुसार, उनका मंत्री बनना तय लग रहा है। हालांकि कांग्रेस से कुछ नये नामों की भी चर्चा हो रही है। इन नामों में मांडर की विधायक नेहा शिल्पी, राजेश कच्छप और जयमंगल सिंह के नाम की भी चर्चा है। राजद के कोटे से सत्यानन्द भोक्ता पहले ही शपथ ग्रहण कर चुके हैं।

न्यूज डेस्क/समाचार प्लस – झारखंड-बिहार

यह भी पढ़ें: Bihar: रोहतास में Rahul Gandhi की न्याय यात्रा के सारथी बने पूर्व डिप्टी सीएम Tejashwi Yadav, कार्यकर्ताओं का जोश हुआ हाई

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *