98 कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी सम्मान, झारखंड के भी दो कलाकार होंगे सम्मानित

कला जगत के शीर्ष राष्ट्रीय सम्मान की घोषणा हो चुकी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कला जगत की मूर्धन्य हस्तियों को सम्मानित करेंगी। इस साल अभिनेता अशोक सराफ, राजीव वर्मा, गायिका बॉम्बे जयश्री, ख्यात संगीत मनीषी पं. कुमार गंधर्व की बेटी गायिका कलापिनी कोमकली समेत 98 कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। अकादमी ने वर्ष 2022-2023 के लिए पुरस्कारों का एलान किया। राष्ट्रीय संगीत, नृत्य और नाटक अकादमी कला के क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियों को अकादमी फेलो के रूप में चुनती है।

झारखंड के चंदनकियारी छऊ नृत्य केंद्र के दो कलाकारों साधुचरण महतो को 2022 और परीक्षित महतो को 2023 के लिए अकादमी पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

छह प्रतिष्ठित हस्तियों को अकादमी फेलो (अकादमी रत्न)
लोक गीतकार व लेखक विनायक खेडेकर, वीणा वादक आर विश्वेश्वरन, कथक नर्तक सुनयना हजारीलाल, कुचिपुड़ी नृत्य युगल राजा एवं राधा रेड्डी, थिएटर निर्देशक दुलाल रॉय और नाटककार डीपी सिन्हा फेलो हैं। एक बयान में कहा गया कि संगीत नाटक अकादमी, संगीत, नृत्य एवं नाटक अकादमी की सामान्य परिषद ने 21 और 22 फरवरी को अपनी बैठक में सर्वसम्मति से कला के क्षेत्र में छह प्रतिष्ठित हस्तियों को अकादमी फेलो (अकादमी रत्न) के रूप में चुना।

फेलो पुरस्कार में 3 लाख की पुरस्कार राशि
अकादमी की फेलोशिप सबसे प्रतिष्ठित और दुर्लभ सम्मान है।  अकादमी फेलो पुरस्कार में 3 लाख की पुरस्कार राशि होती है, जबकि अकादमी पुरस्कार में ताम्रपत्र और अंगवस्त्रम के अलावा 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है। फेलोशिप और पुरस्कार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक विशेष अलंकरण समारोह में प्रदान करेंगी।

80 युवा कलाकारों को बिस्मिल्लाह खान पुरस्कार
अकादमी ने वर्ष 2022 और 2023 के लिए उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार के लिए 80 युवा कलाकारों के नामों की घोषणा की। इसमें ‘ताम्रपत्र’ और ‘अंगवस्त्रम’ के अलावा 25,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है। युवा पुरस्कार एक विशेष समारोह में संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रदान करेंगे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *