रांची में आज से Hockey का रोमांच : Paris Olympic का टिकट कटाने भिड़ेंगी 8 टीम; Jharkhand की ये बेटियां दिखाएंगी जलवा

ranchi hockey, hockey qualifier, paris olympic

13 जनवरी यानी आज से रांची में हॉकी का फीवर सिर चढ़कर बोलेगा। रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में जब 8 टीमें उतरेंगी तो इरादा केवल एक होगा, पेरिस ओलंपिक का टिकट। 13 जनवरी से भारत सहित 8 महिला टीमें जब मैदान में होंगी तो हॉकी का रोमांच चरम पर होगा। खिलाड़ियों की निगाहें गेंद पर होगी तो वहीं दर्शक खिलाड़ियों की रफ्तार, स्किल और चपलता पर नजरें बनाए रखेंगे। रांची का मोरहाबादी मैदान कल से अगले 1 हफ्ते तक हॉकी प्रेमियों की भीड़ से गुलजार रहेगा। स्टेडियम में एंट्री फ्री है इसलिए भी दर्शकों के बड़ी संख्या में लाइव मैच का लुत्फ उठाने के लिए आने की उम्मीद है। मैच देखने के लिए कोई टिकट नहीं लगने वाला है, इसलिए स्टेडियम में सीटें पहले आओ-पहले पाओ के तर्ज पर मिलेगी। टीम इंडिया सहित दुनियाभर की दिग्गज महिला हॉकी टीमें करीब 1 हफ्ते पहले रांची पहुंच चुकी है।

खिलाड़ियों ने जमकर अभ्यास किया है और प्रैक्टिस मैच के जरिए अपनी तैयारियों को भी परखा है। कई प्रैक्टिस मैच खेलने के बाद टीमों को अब अंदाजा भी हो गया है कि कहां कसर रह रही है और किस मोर्चे पर वे विरोधी से बेहतर हैं।

Image

टीम इंडिया सहित इन 8 टीमों पर होगी निगाहें
एफआईएच ओलंपिक क्वालीफायर में हिस्सा लेने के लिए इंडिया, अमेरिका, इटली, जापान, जर्मनी, न्यूजीलैंड, चिली और चेक रिपब्लिक की महिला हॉकी टीम रांची पहुंच चुकी है। रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में अलग-अलग वक्त पर टीमें अभ्यास में जुटी है। तैयारियों को परखने के लिए आपस में प्रैक्टिस मैच में खेल रही है। प्रैक्टिस मैच में इंडिया को जर्मनी के हाथों 4-2 से शिकस्त जरूर मिली लेकिन गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस में कप्तान सविता पुनिया ने टीम के इरादे जाहिर कर दिए हैं। कुछ महीने पहले रांची में ही महिला एशियन हॉकी चैंपियनशिप का खिताब जीतने वाली टीम इंडिया आत्मविश्वास से लबरेज है और दुनिया की किसी भी टीम को हराने का दमखम रखती है। कप्तान सविता पुनिया ने कहा है कि यहां टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही सभी टीमें मजबूत है लेकिन हम भी किसी से कम नहीं। उन्होंने कहा है कि हमारा फोकस अच्छा प्रदर्शन करने पर है। हम स्टेडियम में जब अपना 100 फीसदी देंगे परिणाम भी अनुकूल ही आएगा।

Image

झारखंड की 4 खिलाड़ी टूर्नामेंट में ले रही हैं हिस्सा
रांची के हॉकी प्रेमियों के लिए ये टूर्नामेंट इसलिए भी खास होने वाला है क्योंकि वे झारखंड की 4 बेटियों को विरोधियों से दो-दो हाथ करते हुए लाइव देखेंगे। एफआईएच ओलंपिक क्वालीफायर खेल रही टीम इंडिया में झारखंड की स्टार खिलाड़ी सलीमा टेटे, निकी प्रधान, संगीता कुमारी और ब्यूटी डुंगडुंग शामिल है। यह लगातार दूसरी बार होगा जब रांची के दर्शक झारखंड की बेटियों को स्टेडियम में स्टिक से कमाल करते देखेंगे। ब्यूटी डुंगडुंग पिछले टूर्नामेंट में चोटिल होने की वजह से नहीं खेल पाई थी लेकिन इस बार उनका जादू भी दिखेगा। हां, टीम इंडिया को 300 अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले खेल चुकी अनुभवी वंदना कटारिया की कमी जरूर खल सकती है। रांची के दर्शक भी वंदना को मिस करेंगे। हालांकि, टीम में सभी खिलाड़ी वर्ल्ड क्लास हैं।

Image

13 जनवरी से 19 जनवरी तक रोज 4 मुकाबले होंगे
दर्शकों के लिए ये जानना भी जरूरी है कि एफआईएच ओलंपिक क्वालीफायर के मुकाबले कब और कैसे खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही सभी 8 टीमों को दो पुल में बांटा गया है। पूल ए में जर्मनी, जापान, चिली और चेक रिपब्लिक है वहीं पूल बी में भारत, न्यूजीलैंड, अमेरिका और इटली है। 13 जनवरी से 19 जनवरी तक रोजाना 4 मुकाबले खेले जाएंगे। उद्घाटन मैच दोपहर 12 बजे से जर्मनी और चिली के बीच खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला दोपहर ढाई बजे से जर्मनी और जापान के बीच होगा। शाम 5 बजे से पूल बी के मुकाबले होंगे। पहले न्यूजीलैंड और इटली का मैच होगा और फिर शाम 7 बजे से भारत और अमेरिका आपस में भिड़ेंगी। 14 जनवरी को दोपहर 12 बजे से पहला मुकाबला चिली और चेक रिपब्लिक के बीच होगा। दूसरा मैच ढाई बजे से जर्मनी और जापान का है। तीसरे मुकाबले में शाम 5 बजे अमेरिका और इटली आमने-सामने होंगे वहीं चौथा मुकाबला न्यूजीलैंड और भारत के बीच शाम साढ़े 7 बजे से होगा। 15 जनवरी को कोई मैच नहीं होगा। खिलाड़ी आराम करेंगी।

Image

16 जनवरी को 12 बजे से पहला मैच जर्मनी और चेक रिपब्लिक के बीच होगा। दूसरा मैच दोपहर ढाई बजे से चिली और जापान के बीच होगा। तीसरा मुकाबला शाम 5 बजे से अमेरिका और न्यूजीलैंड का है वहीं शाम साढ़े 7 बजे भारत और इटली की टीमें भिड़ेंगी। 17 जनवरी को रेस्ट डे होगा। 18 और 19 जनवरी को टूर्नामेंट में रैंक होल्डर टीमें आपस में भिड़ेंगी। टूर्नामेंट में टॉप पर रहने वाली टीमें ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करेंगी।

Image

मोरहाबादी मैदान को छावनी में किया गया तब्दील
टूर्नामेंट को लेकर मोरहाबादी मैदान में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गये हैं। 12 जनवरी से पूरा इलाका छावनी में तब्दील कर दिया जायेगा। 1200 जवानो को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एंट्री फ्री है लेकिन दर्शकों को पूरी सुरक्षा जांच प्रक्रिया से गुजरने के बाद ही स्टेडियम में प्रवेश करने दिया जाएगा। दर्शक पानी की बोतल स्टेडियम के भीतर नहीं ले जा सकते। जो दर्शक स्टे़डियम में एंट्री नहीं कर पाएंगे उनके लिए मोरहाबादी मैदान में लगी स्क्रिन में मैच दिखाने का इंतजाम किया गया है।

तो, हॉकी के रोमांच का हिस्सा बनने के लिए आप भी अपनी सीट बुक करा लीजिए।

 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *