मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में सनसनी मचाने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की चर्चा अब सिर्फ क्रिकेट मैदान तक सीमित नहीं रही। उनकी शानदार पारियों ने बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को भी प्रभावित कर दिया है। राजस्थान रॉयल्स के इस 15 वर्षीय बल्लेबाज की बल्लेबाजी देखकर बिग बी ने सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ की है।

अमिताभ बच्चन ने की वैभव की सराहना

गुजरात टाइटन्स के खिलाफ क्वालीफायर-2 मुकाबले के बाद अमिताभ बच्चन ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि इतनी कम उम्र में वैभव सूर्यवंशी जो कर रहे हैं, वह असाधारण है।

उन्होंने लिखा, "सूर्यवंशी... 15 साल की उम्र में एक अद्भुत सूर्या।  इस उम्र में तो हम बंटों और गुल्ली डंडा भी ठीक से नहीं खेल पा रहे थे !!

बिग बी का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्रिकेट प्रेमी भी युवा खिलाड़ी की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

हार के बावजूद छा गए वैभव

हालांकि राजस्थान रॉयल्स गुजरात टाइटन्स से हारकर फाइनल में जगह बनाने से चूक गई, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से सभी का दिल जीत लिया। अहम मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 47 गेंदों पर 96 रन की विस्फोटक पारी खेली और टीम को जीत दिलाने की भरपूर कोशिश की।

रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा रहे हैं वैभव

इस सीजन वैभव सूर्यवंशी का बल्ला जमकर बोला है। उन्होंने 16 पारियों में:

  • 776 रन बनाए
  • औसत: 48.50
  • स्ट्राइक रेट: 237.50
  • 1 शतक
  • 5 अर्धशतक
  • 72 छक्के

उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने कई बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं।

क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी टूटा

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव ने महज 29 गेंदों पर 97 रन ठोक दिए थे। इस दौरान उन्होंने 12 छक्के लगाए और एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।

इसके साथ ही उन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का नया रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।

सबसे तेज 1000 IPL रन बनाने वालों में शामिल

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में अपने 1000 रन भी पूरे कर लिए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि केवल 440 गेंदों में हासिल की और इस मामले में वेस्टइंडीज के दिग्गज आंद्रे रसेल को पीछे छोड़ दिया।

पारियों के हिसाब से भी वे आईपीएल इतिहास के दूसरे सबसे तेज खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने सिर्फ 23 पारियों में यह मुकाम हासिल किया, जबकि इस सूची में पहले स्थान पर शॉन मार्श हैं, जिन्होंने 21 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी।

बिहार के लाल पर देश को गर्व

बिहार से आने वाले वैभव सूर्यवंशी ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और निडर बल्लेबाजी से साबित कर दिया है कि उम्र सिर्फ एक संख्या है। उनकी लगातार शानदार पारियां न केवल राजस्थान रॉयल्स बल्कि भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए भी बड़ी उम्मीद बनकर उभरी हैं।

क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वैभव इसी तरह प्रदर्शन करते रहे तो आने वाले वर्षों में वह भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े सितारों में शामिल हो सकते हैं।