रांची: रांची में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर लोगों का गुस्सा अब सड़कों पर दिखने लगा है। शहर के पुंदाग रोड स्थित आनंद गैस गोदाम के बाहर भारी अव्यवस्था के बाद लोगों ने सड़क जाम कर दिया।
घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भड़के लोग
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से शहर में घरेलू गैस की आपूर्ति प्रभावित है। घरों तक समय पर सिलेंडर की डिलिवरी नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों को गैस गोदामों के बाहर लंबी-लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है।
कई लोगों का कहना है कि उन्हें गैस सिलेंडर लेने के लिए पूरे दिन इंतजार करना पड़ रहा है, इसके बावजूद भी सभी को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
सड़क पर सिलेंडर रखकर किया जाम
स्थिति तब बिगड़ गई जब पुंदाग रोड स्थित आनंद गैस गोदाम के सामने लोगों को गैस नहीं मिलने पर आक्रोश बढ़ गया। गुस्साए लोगों ने अपने गैस सिलेंडर सड़क पर रखकर रोड जाम कर दिया।
जाम के कारण इलाके में यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, समझाने का प्रयास
सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि गैस आपूर्ति की समस्या को जल्द सुलझाया जाएगा।
जमीनी हकीकत पर उठे सवाल
एक ओर केंद्र सरकार द्वारा गैस की पर्याप्त उपलब्धता का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर रांची में लोगों को गैस के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। इस घटना ने आपूर्ति व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।