जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर (गरुड़बासा) में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने पहले एक युवक को प्रेम जाल में फंसाया, फिर खुद को उसकी होने वाली बहू के रूप में घर में स्थापित कर लिया।
मौका मिलते ही युवती ने घर की अलमारी से लाखों रुपये के गहने और नगदी गायब कर दी। जब परिवार को इस बात का पता चला तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जनेऊ कार्यक्रम के दौरान रचा गया पूरा खेल
पीड़ित युवक निखिल सिंह के मुताबिक, युवती का नाम पूजा पांडेय है और वह शहर के एक पीजी (PG) में रहती थी। दोनों के बीच शादी की बात चल रही थी और इसी कारण परिवार ने उसे अपनी होने वाली बहू के रूप में स्वीकार कर लिया था।
हाल ही में निखिल के घर जनेऊ कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में पूजा पांडेय भी सक्रिय रूप से शामिल हुई और परिवार के सदस्यों का विश्वास जीत लिया।
धीरे-धीरे उसने घरवालों का भरोसा इतना जीत लिया कि निखिल ने अपनी अलमारी की चाबी भी उसे सौंप दी।
मंगलसूत्र मांगने पर खुली सच्चाई
6 मार्च को जब कार्यक्रम समाप्त हुआ और निखिल की बुआ घर लौटने लगीं, तो उन्होंने अलमारी में रखा अपना मंगलसूत्र मांगा।
जब निखिल ने पूजा से अलमारी की चाबी मांगी, तो वह टालमटोल करने लगी। कभी चाबी खो जाने तो कभी कहीं और रखे होने का बहाना बनाकर वह घंटों तक परिवार को उलझाती रही।
इसी दौरान शक गहराने लगा और जब अलमारी की जांच की गई तो कीमती गहने और नगदी गायब पाए गए।
पड़ोसियों को भी बनाया शिकार
जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। पूजा पांडेय ने केवल निखिल के घर ही नहीं, बल्कि पड़ोसियों के साथ भी घनिष्ठ संबंध बना लिए थे।
वह उनसे भी विश्वास जीतकर अलमारी की चाबियां हासिल कर लेती थी और मौका मिलते ही गहने गायब कर देती थी।
असली पहचान जानकर सभी रह गए हैरान
जब परिवार और आसपास के लोगों ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो पूजा की असलियत सामने आ गई।
पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि वह इसी तरह युवकों को शादी का झांसा देकर उन्हें ठगती थी।
इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में सन्नाटा और हैरानी का माहौल है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद गोविंदपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवती ने इससे पहले कितने लोगों को इसी तरह अपना शिकार बनाया है।