दुमका: झारखंड के दुमका में अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए संथाल परगना मोटर मजदूर संघ के अध्यक्ष अरुण सिंह को गोली मार दी। गोली लगने से उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घर से बस पड़ाव आ रहे थे अरुण सिंह
जानकारी के मुताबिक अरुण सिंह दुमका नगर थाना क्षेत्र के गिलानपाड़ा मोहल्ला स्थित अपने घर से सुबह बाइक से बस पड़ाव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने उनका पीछा किया और डीआईजी कार्यालय के सामने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनकी पीठ में लगी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर अस्पताल पहुंचाया। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
फूलो झानो मेडिकल कॉलेज से किया गया रेफर
घायल अरुण सिंह को पहले फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें आसनसोल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
दो साल पहले भी हुआ था जानलेवा हमला
गौरतलब है कि 21 अप्रैल 2024 को भी अरुण सिंह पर हमला हुआ था। उस समय पिस्टल में गोली फंस जाने के कारण उनकी जान बच गई थी। ताजा हमले के बाद पुराने विवाद और संभावित रंजिश की भी जांच की जा रही है।
एसपी ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि अरुण सिंह पर दो राउंड फायरिंग की गई है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है।