रांची (RANCHI):
पुंदाग ओपी क्षेत्र अंतर्गत लाजपत नगर स्थित ड्रीम टॉवर के पास एक निर्माणाधीन बहुमंजिला अपार्टमेंट से गुरुवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लाजपत नगर में ड्रीम टॉवर के समीप एक अपार्टमेंट का निर्माण कार्य चल रहा है। गुरुवार सुबह जब मजदूर काम के लिए पहुंचे, तो परिसर के भीतर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ दिखाई दिया। शव देखते ही मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत इसकी सूचना ठेकेदार को दी गई। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुंदाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से शव की पहचान मिलाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
पुंदाग पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है।