झारखंड पुलिस व्यवस्था में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। राज्य की वर्तमान पुलिस महानिदेशक (DGP) तदाशा मिश्रा कल अपने पद से सेवानिवृत्त हो रही हैं। उनके रिटायरमेंट के साथ ही राज्य में नए DGP की नियुक्ति को लेकर हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि सरकार आज देर शाम तक आधिकारिक तौर पर नए DGP के नाम की घोषणा कर सकती है।
सूत्रों के अनुसार गृह विभाग ने नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और अंतिम फैसला मुख्यमंत्री स्तर पर लिया जाएगा। फिलहाल वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों पर मंथन जारी है।
DGP तदाशा मिश्रा का कार्यकाल रहा प्रभावी
तदाशा मिश्रा के कार्यकाल को प्रशासनिक सुधार, बेहतर कानून-व्यवस्था और पुलिस आधुनिकीकरण के लिए याद किया जाएगा।
उनके नेतृत्व में कई अहम फैसले हुए जिनका असर जमीनी स्तर पर भी देखने को मिला।
नए DGP के सामने कई महत्वपूर्ण चुनौतियां होंगी, जिनमें—
-
साइबर क्राइम से निपटना
-
संगठित अपराधों पर नकेल कसना
-
पुलिस बल के प्रशिक्षण को और आधुनिक बनाना
-
प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना
इन तीन नामों में से किसी एक को मिल सकती है कमान
हेमंत सोरेन सरकार अपनी नई नियमावली के तहत ही नए DGP की नियुक्ति करेगी। इसके लिए जिन तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों का पैनल तैयार हुआ है, वे हैं:
-
अनिल पालटा
-
प्रशांत सिंह
-
एम.एस. भाटिया
उम्मीद है कि इन्हीं में से किसी एक को झारखंड पुलिस की कमान सौंपी जाएगी। बताया जा रहा है कि सरकार 31 दिसंबर तक इस संबंध में अधिसूचना जारी कर सकती है।
चार रेंज में खाली पड़े हैं DIG के पद
फिलहाल राज्य में रांची, हजारीबाग, बोकारो और पलामू रेंज में DIG के पद खाली हैं। इसी बीच 2012 बैच के आईपीएस अधिकारियों को DIG रैंक में प्रमोशन देने की तैयारी है। संभावना है कि 31 दिसंबर को इससे जुड़ी अधिसूचना जारी हो सकती है। वहीं 2008 बैच के अधिकारियों को IG रैंक में प्रमोशन मिलने की भी उम्मीद है।
UPSC से राज्य नियमावली तक: बदली नियुक्ति प्रक्रिया
पहले झारखंड में DGP की नियुक्ति UPSC के जरिए होती थी, लेकिन हेमंत सरकार ने अपनी अलग नियमावली लागू की। इसी नियम के तहत पहले अनुराग गुप्ता और फिर तदाशा मिश्रा को नियुक्त किया गया था। हालांकि अनुराग गुप्ता की नियुक्ति पर राजनीतिक विवाद भी हुआ था। अब एक बार फिर उसी प्रक्रिया से नए DGP का चयन होगा।
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि राज्य सरकार किस नाम पर अंतिम मुहर लगाती है।