चाईबासा। झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), जमशेदपुर की टीम ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में जलपथ प्रमंडल चक्रधरपुर, चाईबासा के तत्कालीन कार्यपालक अभियंता शैलेन्द्र कुमार मंडल को गिरफ्तार किया है। 69 वर्षीय पूर्व कार्यपालक अभियंता की गिरफ्तारी 18 नवंबर 2026 को की गई। गिरफ्तारी के बाद उन्हें चाईबासा न्यायालय में पेश किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शैलेन्द्र कुमार मंडल के खिलाफ एसीबी जमशेदपुर थाना कांड संख्या 07/2019, दिनांक 12 जुलाई 2019 के तहत आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया था। यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(ई) तथा संशोधित अधिनियम 2018 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया था।

मामले के समय शैलेन्द्र कुमार मंडल जलपथ प्रमंडल चक्रधरपुर, चाईबासा में कार्यपालक अभियंता के पद पर कार्यरत थे। एसीबी द्वारा की गई जांच में आरोपों को सत्य पाए जाने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने उन्हें चाईबासा न्यायालय में प्रस्तुत किया। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। आय से अधिक संपत्ति के इस मामले में एसीबी की कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।