चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में बुधवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह करीब 10:38 बजे अचानक तेज गड़गड़ाहट के साथ धरती हिलने का अहसास हुआ। भूकंप के झटके महसूस होते ही लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक गड़गड़ाहट जैसी आवाज सुनाई दी और इसके साथ ही कंपन महसूस हुआ। कई लोगों ने अपने घरों और आसपास की इमारतों में हलचल महसूस होने की बात कही। झटका महसूस होते ही लोग सतर्क हो गए और कई लोग घरों से बाहर निकल आए।
हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार भूकंप के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। भूकंप की तीव्रता, केंद्र और इसकी गहराई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की ओर से भूकंप की पुष्टि और इसके प्रभाव को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय लोगों से भी सतर्क रहने और किसी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की जा रही है।
भूकंप के झटके महसूस होने के बाद लोगों के बीच इसकी चर्चा तेज हो गई है। चाईबासा के अलावा आसपास के इलाकों में भी कंपन महसूस हुआ या नहीं, इसकी जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
नोट: भूकंप की तीव्रता और केंद्र की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद खबर को अपडेट किया जाएगा।