रांची। संत जेवियर्स कॉलेज में आयोजित अंतर विभागीय फुटबॉल (पुरुष/महिला) टूर्नामेंट 2026 का मंगलवार, 15 सितंबर को रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हुआ। फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पेनाल्टी शूटआउट तक पहुंचे दोनों ही फाइनल मुकाबलों में विजेता टीमों ने 4-3 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की।
महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में हिंदी विभाग की टीम ने जंतु विज्ञान विभाग की टीम को पेनाल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं पुरुष वर्ग के फाइनल में राजनीति विज्ञान विभाग ने भूगोल विभाग को पेनाल्टी शूटआउट में 4-3 से शिकस्त देकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
कॉलेज के खेल विभाग की ओर से आयोजित इस टूर्नामेंट में विभिन्न विभागों की कुल 42 टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें पुरुष वर्ग की 28 और महिला वर्ग की 14 टीमें शामिल थीं। फाइनल मुकाबलों की शुरुआत से ही दोनों वर्गों की टीमों ने आक्रामक और रोमांचक खेल का प्रदर्शन किया, जिससे मैदान में मौजूद दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
खेल संघर्ष और सफलता का मार्ग दिखाता है : डॉ. अनिल बिरेन्द्र कुल्लू
समापन समारोह में रांची विश्वविद्यालय खेल विभाग के निदेशक एवं संत जेवियर्स कॉलेज के एलुमनाई डॉ. अनिल बिरेन्द्र कुल्लू बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मुकाबले का शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में डॉ. कुल्लू ने कहा कि खेल का मैदान संघर्ष के रास्ते को दर्शाते हुए जीत की राह की ओर ले जाता है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत खेल को केवल मैदान तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे शिक्षा का हिस्सा बनाकर पढ़ाया और मैदान में सिखाया भी जा रहा है।
उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और अनुशासन को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।
विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. अनिल बिरेन्द्र कुल्लू ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
महिला वर्ग में हिंदी विभाग की जुदित एक्का को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट तथा सेतेंग सांगा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं पुरुष वर्ग में भूगोल विभाग के विकास कुजूर को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और राजनीति विज्ञान विभाग के रोहित कुल्लू को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के प्राचार्य डॉ. फादर रॉबर्ट प्रदीप कुजूर, एसजे, उप प्राचार्य डॉ. फादर अजय अरुण मिंज, एसजे, स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ. राम मुर्मू, रजिस्ट्रार डॉ. फादर प्रभात केनेडी सोरेंग, एसजे, डीएसडबल्यू डॉ. संजय सिन्हा, बर्सर फादर रवि हेमंत कुजूर, एसजे, डॉ. फादर एफ्रेम बा, फादर संजय केरकेट्टा, डॉ. धीरजमणि पाठक, डॉ. सुशील पाण्डेय, डॉ. श्रेया पाण्डेय सहित अन्य प्राध्यापकगण मौजूद रहे।
समापन समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने दर्शक के रूप में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।