पाकुड़ से कार्तिक कुमार की रिपोर्ट
पाकुड़। अमरापारा बाजार में 2 सितंबर को किशुन वर्मा ज्वेलर्स में हुई डकैती की घटना को लेकर राष्ट्रीय कनौजिया सोनार महापरिवार का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार देर शाम एसपी अनुदीप सिंह के आवासीय कार्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से मुलाकात कर डकैती कांड का शीघ्र उद्वेदन करने और क्षेत्र के व्यवसायियों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को बताया कि दिनदहाड़े हुई डकैती की इस घटना से अमरापारा समेत आसपास के इलाकों के व्यवसायियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। ऐसे में पुलिस मामले की गंभीरता से जांच करते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी करे और व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
वार्ता के दौरान एसपी अनुदीप सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पुलिस इस मामले को लेकर गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि डकैती कांड के उद्वेदन के लिए पुलिस की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
राष्ट्रीय कनौजिया सोनार महापरिवार के संस्थापक प्रमुख रंजीत कुमार वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार बर्मन और मनोज कुमार वर्मा समेत अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।