कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले में पुलिस ने आतंकवादी और जिहादी मानसिकता को बढ़ावा देने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को कथित रूप से कट्टरपंथी विचारधारा की ओर प्रेरित करने के आरोप में एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी सतगावां थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव से की गई।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरशद महफूज और शाहीन परवीन उर्फ मुस्कान के रूप में हुई है। दोनों पर सोशल मीडिया के जरिए देश विरोधी सामग्री प्रसारित करने और गांव के अन्य युवाओं को जिहादी मानसिकता के लिए प्रेरित करने का आरोप है।

आतंकवादी निरोधक दस्ता की सूचना पर हुई कार्रवाई

कोडरमा पुलिस ने बताया कि आतंकवादी निरोधक दस्ता (ATS) से प्राप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सूचना में कहा गया था कि दोनों आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से कथित रूप से देश विरोधी विचारधारा का प्रचार-प्रसार कर रहे थे और अन्य युवाओं को भी इससे जोड़ने का प्रयास कर रहे थे।

हथियार, बुलेटप्रूफ जैकेट और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्तौल, चाकू, बुलेटप्रूफ जैकेट, मोबाइल फोन, टैबलेट और वीडियो कैमरा बरामद किया है। इसके अलावा जब्त किए गए मोबाइल और टैबलेट की जांच में कथित रूप से देश विरोधी और भड़काऊ वीडियो संदेश मिले हैं।

पाकिस्तानी कनेक्शन वाले व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े होने के मिले साक्ष्य

कोडरमा पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जांच के दौरान ऐसे साक्ष्य भी मिले हैं जिनसे पता चलता है कि दोनों आरोपी आतंकवादी और जिहादी विचारधारा से जुड़े तथा कथित पाकिस्तानी कनेक्शन वाले कई व्हाट्सएप ग्रुपों के सदस्य थे। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों की विस्तृत जांच कर रही है।

जंगलों में सैन्य प्रशिक्षण के वीडियो और फोटो मिले

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपियों के मोबाइल फोन से आसपास के जंगलों में सैन्य शैली के प्रशिक्षण से जुड़े वीडियो और तस्वीरें भी बरामद हुई हैं। पुलिस का दावा है कि प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि दोनों किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी में हो सकते थे। हालांकि इस संबंध में विस्तृत जांच अभी जारी है।

जांच जारी

कोडरमा पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का संपर्क किन-किन लोगों और संगठनों से था तथा इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।