चाईबासा: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने चाईबासा के टाटा बाईपास चौक का नाम बदलकर 'दिशूम गुरु शिबू सोरेन चौक' रखने की घोषणा की है। पार्टी का कहना है कि 4 अगस्त को आयोजित होने वाले दिशूम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम में जिलेभर से करीब 5 से 10 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।

 

शुक्रवार को आयोजित झामुमो जिला समिति की बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने की, जबकि संचालन जिला सचिव राहुल आदित्य ने किया। बैठक में उपस्थित सदस्यों के सुझावों के आधार पर सर्वसम्मति से टाटा बाईपास चौक का नाम 'दिशूम गुरु शिबू सोरेन चौक' रखने का प्रस्ताव पारित किया गया।

 

झामुमो के जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने बताया कि शुक्रवार को औपचारिक रूप से चौक का नामकरण किया गया और निर्णय लिया गया कि अब से यह स्थल 'दिशूम गुरु शिबू सोरेन चौक' के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी 4 अगस्त के प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ तैयारी में जुटी हुई है।

 

बुधराम लागुरी ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर जिले के गांव-गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। पार्टी के कार्यकर्ता लोगों से संपर्क कर कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से हजारों की संख्या में लोग भाग लेंगे।

 

बैठक में जिला सचिव राहुल आदित्य, जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी, विश्वनाथ बाड़ा, दिनेश चंद्र महतो, मोनिका बोयपाई, सुमी पुरती सिंकू, बंदना उरांव, अर्जुन बानरा, जयसिंह हेस्सा, सेलाय मुंडा, दोफेदार हेस्सा, सुभाष चंद्र भंज, दुर्गाचरण देवगम, सतीश सुंडी, दामू बारी, राकेश सवाइयाँ, जगदीश गोप, कश्मीर कंडेयांग, संदीप सिंकू, रंजीत मंडल, पूर्ण चंद्र गोप, चंद्रमोहन बिरुवा, भूबनेश्वर बिरुवा, मोहम्मद मुजाहिद, अनुज पुरती, विनय प्रधान, मन्नाराम कुदादा, मिथुन गागराई, मो. शाहिद, मनोज लागुरी, अभिषेक कुमार सिंकू, मंगल सिंह तिउ, दिलवर हुसैन, जीतू बारी, सिदेश्वर देवगम, डूबलिया बारी, मोहन सिंह सुमब्रुई, बिहारी लाल पुरती, मानकी कुदादा, विकास कुमार गुप्ता, देवेंद्र बारी सहित बड़ी संख्या में झामुमो के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।