BJP Mission 2024 Election: भाजपा ने 2024 का बनाया विजयी प्लान! विरोधियों की गलतियों पर प्रहार कर हासिल करेगी सत्ता!

BJP Mission 2024 Election, BJP made a plan for 2024! Will gain power by attacking opponents!

BJP Mission 2024 Election: झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन हो,  दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल हों, या बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) के बार-बार बुलावे पर जाने से कतरा रहे हैं। ये नेता ईडी की कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बता कर लगातार मिल रहे समन पर भी उसके कार्यालय में उपस्थिति दर्ज नही करा रहे हैं। कहने को तो ये सभी पार्टियां अपनी रणनीति पर कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर नरेन्द्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा उन्हें उनकी रणनीति में उलझाने के प्रयास में लगी हुई है। हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं की एक बैठक बुलाई थी, जिसमें उन्होंने विपक्षी पार्टियों की कमजोर नस दबाने की रणनीति का खुलासा किया है। भाजपा को पूरी उम्मीद है कि 2024 में लोकसभा चुनाव में उसके इस प्लान से उसे बड़ी कामयाबी मिलेगी।

भाजपा विरोधियों की गलतियों पर करेगी प्रहार!

भाजपा इंडी गठबंधन गलतियों पर अपनी नजरें टिकाये हुए है। उसने विरोधियों की दो बड़ी गलतियों पर अपना ध्यान केन्द्रित कर लिया है और, उन गलतियों का पूरा फायदा उठाने का उसने मूड बना लिया है।

पहली गलती- वंशवाद की रणनीति पर चल  रही पार्टियों को पटखनी देना भाजपा की बड़ी रणनीति है। पहली झारखंड, दिल्ली और बिहार में फल-फूल रही वंशवाद की बेल पर भाजपा ने अपनी नजर गड़ा दी है। जैसा कि राजनीतिक अस्थिरता को देखते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अपनी पत्नी कल्पना सोरेन को मुख्यमंत्री बनाये जाने की चर्चा है तो वहीं दिल्ली में अरविन्द केजवरीवाल अपनी सम्भावित गिरफ्तारी को देखते हुए अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल को सीएम बनाने की योजना बना चुके हैं। बिहार में  राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पुत्र तेजस्वी यादव वैसे तो बिहार के डिप्टी सीएम हैं ही, लेकिन लालू प्रसाद तेजस्वी यादव को सीएम की कुर्सी पर बिठाने के जोड़-तोड़ मे लगे हुए हैं। इसीलिए वह लगातार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इंडी गठबंधन का संयोजक बनाये जाने की वकालत और समर्थन कर रहे हैं। उन्हें लगता है कि जैसे ही नीतीश कुमार इंडी गठबंधन का संयोजक बन कर केन्द्र की राजनीति मे चले जायेंगे, वैसे ही तेजस्वी के बिहार का सीएम बनने का रास्ता साफ हो जायेगा।

भाजपा वंशवाद के इस प्रयास पर प्रहार करना चाहती है। क्योंकि भाजपा वंशवाद के मुद्दे पर हमेशा से मुखर रही है और अलग-अलग मंचों पर विपक्षी पार्टियों को घेरती रही है। हाल के दिनों में भाजपा ने तीन राज्यों- राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भारी जीत के बाद बड़े-बड़े नेताओं को दरकिनार करते हुए बिलकुल अनजान चेहरों को इन राज्यों का मुख्यमंत्री बनाया है। इसके सहारे भाजपा ने जनता में यह संदेश तो दे दिया है कि वह दूसरी पार्टियों की तरह नहीं है, उसकी पार्टी में किसी को भी बड़ा असर मिल सकता है। भाजपा के इस मास्टरस्ट्रोक से विरोधी पार्टियां भी हैरान है।

दूसरी गलती- भाजपा के अनुसार इंडी गठबंधन की दूसरी गलती कांग्रेस नेता राहुल गांधी न्याय यात्रा निकालकर करने जा रहे हैं। जैसे ही राहुल गांधी की न्याय यात्रा शुरू होगी। भाजपा आजादी के बाद से लेकर अब तक के कांग्रेस के ‘अन्याय’ को जनता के बीच ले जायेगी और उसका ‘असली चेहरा’ जनता को दिखाने का प्रयास करेगी। भाजपा के अनुसार कांग्रेस की न्याय यात्रा वाकई में उसकी अन्याय यात्रा है। और अगर कुछ शुरू भी करना है तो कांग्रेस ने अब तक जनता से जो अन्याय किया है उसकी माफी मांगने के लिए कोई यात्रा शुरू करनी चाहिए। जैसे 1966 में गौहत्या बंद करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे साधु-संन्यासियों पर गोली चालन, 1975 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लाया गया आपातकाल, 1984 में सिख विरोध दंगे, सोनिया गांधी को नेपाल के मंदिर में प्रवेश नहीं देने से नाराज पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का नेपाल की राजशाही को समाप्त करने की कूटनीतिक चालें जैसे कई उदाहरणों को भाजपा ने अपनी लिस्ट में शामिल कर रखा है। जिसका प्रचार कर कांग्रेस से बार-बार सवाल करेगी कि क्या उसके उन गुनाहों के पीड़ितों को न्याय दिला दिया।

भाजपा के चार एजेंडे दिलायेंगे लोकसभा चुनाव में जीत

2024 लोकसभा चुनाव में विरोधियों को मात देने के लिए भाजपा चार एजेंडों पर काम कर रही है।

ज्वाइनिंग कमेटी- भाजपा एक ज्वाइनिंग कमेटी बनाने जा रही है। इस कमेटी का काम होगा, दूसरी पार्टियों से आ रहे नेताओं के बारे में आकलन करना। यानी दूसरी पार्टी से जो नेता भाजपा में आयेंगे इनमें से किन्हें आगे करने पर पार्टी को फायदा होगा। इसका आकलन ज्वाइनिंग कमेटी करेगी।

कार्यकर्ताओं को रामलला के दर्शन – भाजपा ने अयोध्या के राम मंदिर के उद्घाटन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं को राम लला के दर्शन कराने की बड़ी योजना बनायी है। 25 जनवरी से 25 मार्च तक हर रोज भाजपा के 50 हजार  कार्यकर्ताओं के रामलला के दर्शन करायेगी। जब ये कार्यकर्ता वापस अपने क्षेत्रों में जायेंगे तब ये भाजपा के कार्यों का वहां प्रचार करेंगे, ऐसा भाजपा का मानना है।

स्वच्छता अभियान- 22 जनवरी को अयोध्या में राम लला मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। प्रधानमंत्री ने पहले ही जनता से अपील की है कि 14 जनवरी से 22 जनवरी तक देश के सभी मंदिरों के स्वच्छ रखा जाये और 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के दिन देशभर में दीपावली मनायी जाये।

नये मतदाताओं पर भाजपा की नजर- भाजपा मतदाता सूची में शामिल किये गये नये और युवा मतदाताओं को अपने पाले में लाने की योजना पर काम कर रही है। नये मतदाताओं, युवाओं के अलावा महिलाओं के लिए भी भाजपा अलग से रणनीति बना कर उस पर काम करने जा  रही है।

यह तो हुई भाजपा की रणनीति, अब भाजपा को मात देने के लिए जी-जान से लगा हुआ इंडी गठबंधन भाजपा को मात देने के लिए क्या रणनीति अपनाता है, यह देखना दिलचस्प होगा। वैसे भी एनडीए हो या इंडी गठबंधन दोनों में सत्ता पाने की होड़ मची हुई है।

न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार

यह भी पढ़ें: ED Summons: झारखंड में हेमंत सोरेन का समर्थन, दिल्ली में केजरीवाल को नसीहत! कांग्रेस की क्या है नीति?

BJP Mission 2024 Election

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *