आज से झारखंड में विधानसभा चुनाव और सत्ता परिवर्तन की शुरुआत – अमित शाह

भोगनाडीह से भाजपा की परिवर्तन यात्रा की हुई शुरुआत

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज से भाजपा के महत्वाकांक्षी अभियान ‘परिवर्तन यात्रा’ का साहिबगंज के भोगनाडीह से शुरुआत की। भाजपा की इस परिवर्तन यात्रा का मकसद हेमंत सरकार को सत्ता से हटाना और भाजपा को फिर से गद्दी पर बिठाना है। अमित शाह ने साहिबगंज पहुंचने के बाद सबसे पहले सिदो-कान्हू, फूलो-झानो समेत अन्य महान आत्माओं को पुष्पांजलि और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उसके बाद विशाल जनसभा को उन्होंने सम्बोधित किया।

भोगनाडीह में जनसभा को सम्बोधित करते हुए सबसे पहले, भगवान बिरसा मुंडा, फूलो झानो, तिलका मांझी, गणपत राय, चांद-भैरव को नम किया उसके बाद झारखंड की जनता से 2024 के विधानसभा चुनाव में उसका आशीर्वाद मांगा। शाह ने कहा कि झारखंड में परिवर्तन होने वाला है, उसकी शुरुआत भोगनाडीह से हो रही है। आज जो परिवर्तन यात्रा की शुरुआत हुई है, वह यात्रा गांव-गांव जायेगी और लोगों को परिवर्तन का संदेश देगी। क्योंकि झारखंड में भ्रष्ट हेमंत सरकार को बदला जाना समय की मांग है। हम सिर्फ सीएम बदलना नहीं चाहते, झारखंड को बदलना चाहते हैं। झारखंड का कल्याण सिर्फ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर सकते हैं।

अमित शाह ने कांग्रेस और झामुमो पर जमकर हमला किया। शाह ने हेमंत सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया, बांग्लादेशी घुसपैठ पर घेरा, राज्य के युवाओं को नौकरी नहीं देने के लिए लताड़ा, यहां तक कि झारखंड में विकास का काम नहीं करने के लिए भी कोसा। शाह ने कहा कि हेमंत सरकार झारखंड में जनकल्याम का काम नहीं, बल्कि बांग्लादेशी घुसपैठियों का कल्याण कर रही है। आप झारखंड में भाजपा की सरकार बनाइये, हम एक-एक घुसपैठिये को बाहर करेंगे। शाह ने कहा, यह जमीन आपकी है, यह जमीन आपकी है घुसपैठियों की नहीं है। शाह ने कहा कि घुसपैठ रोकेने के लिए केन्द्र सरकार काम कर रही है। झारखंड हाई कोर्ट ने केन्द्र सरकार को कमेटी बनाने का आदेश भी दिया है

अमित शाह ने कहा कि 2019 के चुनाव में हेमंत सोरेन ने वादा किया था कि वह प्रतिवर्ष 5 लाख नौकरियां देंगे। लेकिन उन्होंने अपना वादा पूरा नहीं किया। हेमंत सोरेन झारखंड के युवाओं को नौकरियां तो नहीं दे रहे हैं, लेकिन नौकरी के लिए मरने तक उन्हें दौड़ा रहे हैं। यहां पर जेपीएससी की परीक्षाएं नहीं हो रही हैं। अगर परीक्षा होती है तो उसका पेपर लीक हो जाता है। हमारी सरकार आयेगी तो पेपर लीक करने वालों को उल्टा लटकायेगी। हेमंत सरकार पैसे लेकर नौकरी बांटती है, फिर भी लोगों को नौकरी नहीं मिलती।

अमित शाह ने हेमंत सरकार पर भ्रष्टाचार करने का आरोप भी लगाया। शाह ने कहा कि झारखंड में नोटों के पहाड़ मिल रहे हैं। यहां जो 350 करोड़ मिले थे, वे किसके थे? यहां हजार करोड़ का खनन घोटाला होता है। हजार करोड़ का मनरेगा घोटाला होता है।

अमित शाह ने पीएम मोदी को आदिवासियों का हित चाहने वाला बताया। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार सिर्फ आदिवासियों की हितैषी होने का दावा करती है जबकि पीएम मोदी ने यह साबित किया। देश में गौरव जनजातीय दिवस प्रधानमंत्री मोदी की देन है। शाह ने कहा कि केन्द्र सरकार ने आदिवासियों के कल्याण के लिए 2024-25 में 1 लाख 30 हजार करोड़ रुपये जारी भी किये है। भाजपा सरकार आयेगी तो वह हर गांव को सड़क से जोड़ने का काम करेगी। पीएम ने झारखंड के लिए कई योजनाएं की लॉन्च की हैं।

न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार

यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति Droupadi Murmu ने राजभवन में ‘मूर्ति गार्डेन’ का किया उद्घाटन

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *