13 जनवरी को विश्वकप हॉकी प्रतियोगिता का होगा यहां आगाज
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
दुनिया के सबसे बड़े यानी सबसे ज्यादा क्षमता वाले हॉकी स्टेडियम का उद्घाटन हो गया है। झारखंड और ओडिशा की हॉकी टीमों के बीच खेले गये मैच से इस स्टेडियम का उद्घाटन किया गया। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने 5 जनवरी को देश के सबसे बड़े हॉकी स्टेडियम बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम का उद्घाटन किया। पटनायक ने इस मौके पर ‘ओडिशा रे हॉकी’ (ओडिशा में हॉकी) नामक एक पुस्तक का भी अनावरण किया।
उद्घाटन के बाद अब 13 जनवरी से यहां एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 प्रतियोगिता की शुरुआत होगी। विश्व कप में 16 टीमों के बीच कुल 44 मैच खेले जाने हैं। भुवनेश्वर के कलिंग स्टेडियम के बाद राउरकेला विश्व कप का दूसरा आयोजन स्थल है। बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में 20 मैच खेले जायेंगे। फाइनल सहित 24 मैच कलिंग स्टेडियम में खेले जाएंगे। विश्व कप का उद्घाटन मैच भारत और स्पेन के बीच 13 जनवरी को यहां बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में खेला जाना है।
भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर है स्टेडियम
प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (बीपीयूटी) के परिसर में 15 एकड़ भूमि में फैले स्टेडियम का निर्माण 2021 में शुरू हुआ था। इसकी आधारशिला मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने रखी थी। इस स्टेडियम के निर्माण में 146 करोड़ रुपये की लागत आयी है। स्टेडियम की कुल क्षमता 21 हजार दर्शकों की है। स्टेडियम का निर्माण ओडिशा औद्योगिक अवसंरचना विकास निगम (आईडीसीओ) ने किया है। स्टेडियम को झारखंड के भगवान बिरसा मुंडा का नाम दिया गया है।
स्टेडियम में जहां तक सुविधाओं की बात है, इसमें मुख्य टर्फ के अलावा फिटनेस सेंटर, हाइड्रोथेरेपी पूल, ड्रेसिंग और चेंजिंग रूम, कनेक्टिंग टनल, पांच सितारा आवास, 250 कमरे हैं जहां 400 खिलाड़ी रह सकते हैं। स्टेडियम में प्रवेश और निकास के लिए छह द्वार हैं। वाहनों के लिए पार्किंग की भी शानदार व्यवस्था है।
यह भी पढ़ें: Jharkhand: मुख्यमंत्री हेमंत के प्रयास रंग लाया, सम्मेद शिखरजी पर बदला केंद्र ने फैसला