समाचार प्लस
Breaking खेल फीचर्ड न्यूज़ स्लाइडर

World Cup 2023: शुभमन-विराट क्रिकेट के भगवान के नहीं दे पाये ‘सलामी’, आज ही वानखेड़े में हुआ था प्रतिमा का अनवरण

World Cup 2023: Shubman-Virat could not give 'salute' to the God of Cricket

भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा जल्दी क्या आउट हुए, उसके बाद युवा ओपनर बल्लेबाज शुभमन गिल और अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने गर्दा मचा दिया। दोनों बल्लेबाजों ने श्रीलंकाई गेंदबाजों की खूब खबर ली। हालांकि दोनों ही बल्लेबाज शतक से चूक गये। शुभमन गिल 92 रन बनाकर वहीं विराट कोहली 88 रन बनाकर आउट हुए। दोनों बल्लेबाज अगर शतक बना लेते तो लिजेंड बल्लेबाज सचिन तेन्दुलकर को यह एक अच्छा सैल्यूट होता। बता दें आज ही मुम्बई के वानखेड़े स्टेडियम में सचिन तेन्दुलकर की विशाल प्रतिमा का अनावरण किया गया था। बाद में शतक के नजदीक जाकर श्रेयस अय्यर 82 रनों पर आउट हुए। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 357 रन बनाये।

मुंबई के वानखेड़े में श्रीलंका से टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने पहली ही गेंद पर चौका जड़ कर अपना इरादा स्पष्ट किया, लेकिन दिलशान मदुशंका की अगली ही गेंद पर उनकी गिल्लियां बिखर गयीं। उसके बाद शुभमन गिल और विराट कोहली ने मोर्चा सम्भाल लिया। दोनों की बल्लेबाजी की बदौलत भारतीय टीम मजबूत स्थिति में पहुंच गयी थी तभी शुममन गिल मदुशंका की गेंद को थर्डमैन में ग्लाइड करने के चक्कर में विकेटकीपर मेंडिस को कैच दे बैठे। शुभमन ने 92 गेंदों का समना करते हुए 11 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 92 रन बनाये। शुभमन जब आउट हुए उस समय भारत का स्कोर 193 रन था। 3 रन बनते बनते विराट कोहली भी विदा हो गये। कोहली ने 94 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 88 रन बनाये।

इसके बाद 256 रनों के कुल योग पर केएल राहुल के रूप में चौथा विकेट गिरा। राहुल ने 21 रन बनाये। पांचवां विकेट सूर्यकुमार यादव के रूप में 276 रनों के योग पर गिरा। सूर्यकुमार को मदुशंका की गेंद पर विकेट के पीछे मेंडिस ने लपका। सूर्यकुमार ने 12 रन बनाये। छठा विकेट श्रेयस अय्यर का गिरा। 333 रनों के कुल योग पर श्रेयस अय्यर का विकेट भी मदुशंका ने लिया। श्रेयस 56 गेंदों में 3 चौके और 6 छक्कों की मदद से 82 रन बनाकर आउट हुए। रवीन्द्र जडेजा 35 रन और मोहम्मद शामी 2 रन बनाकर रन आउट हुए। जसप्रीत बुमराह 1 रन बनाकर नाबाद रहे।

भारतीय की पारी 50 ओवरों में 8 विकेट पर 357 रन बनाकर समाप्त हुई। सबसे दिलचस्प बात यह है कि विश्व कप 2023 में धुआंधार प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम ने पहली बार 300 रनों का आंकड़ा पार किया। आज के मैच से पहले इंगलैंड के साथ 29 अक्टूबर को खेले गये मैच में ही भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी की थी, हालांकि इसमें वह 9 विकेटों पर 229 रन ही बना पायी थी। अन्यथा इससे पहले खेले गये सभी मैचों में उसने बाद में बल्लेबाजी करते हुए टार्गेट चेज किया था।

न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार

यह भी पढ़ें:Jharkhand: पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में 4 नवम्बर तक हो सकती है बारिश