झारखंड में 17 से 19 फरवरी को आकाश में छायेंगे बादल, 20-21 फरवरी को कुछ जिलों में बारिश की सम्भावना
झारखंड में पल-पल होते मौसम में बदलाव का क्रम अभी जारी रहेगा। फिलहाल सर्दी से पूरी तरह से राहत नहीं मिलने वाली है। आने वाले दिनों में झारखंड में मौसम का बदला मिजाज देखने को मिलेगा। न्यूनतम तापमान में हो अभी ज्यादा का बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। आने वाले दिनों में झारखंड में बदली और बारिश का भी नजारा देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, ऐसा उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी और ठंडी हवा चलने की वजह से होगा। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सुबह और रात में वातावरण में ठंड रहेगी, हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही मौसम साफ हो जाएगा। दोपहर में धूप रहने की वजह से अन्य दिनों की तरह ही हल्की गर्मी का एहसास होगा।
आने वाले दिनों के बारे में मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि रविवार से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है। फिर 17 से 19 फरवरी तक आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे। उसके बाद 20 और 21 फरवरी को झारखंड के कुछ जिलों में बारिश भी हो सकती है। राज्य का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपाल और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही फिलहाल रहेगा।
जहां तक देश के दूसरे हिस्सों के मौसम की बात है तो उत्तर भारत के मौसम में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदलाव नजर आने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तर भारत में फिर से मौसम बदलेगा। इससे पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और 20 फरवरी तक मैदानी इलाकों में बारिश होने के आसार बने हुए हैं। इसके अलावा अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से उठने वाली समुद्री हवाओं की वजह से राजस्थान और गुजरात के कई हिस्सों में तापमान 2 से 3 डिग्री नीचे आ गया है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर में 20 फरवरी तक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और तापमान माइनस में रहने की संभावना है। इस साल मार्च में तापमान तेजी से बढ़ने के आसार हैं। उत्तर प्रदेश में 19 फरवरी को हल्की बारिश होने की संभावना है।
न्यज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
यह भी पढ़ें: के राजू बनाए गए झारखण्ड प्रदेश कॉंग्रेस के नए प्रभारी