भाजपा की साजिश बेनकाब, वक्फ़ संपत्तियों पर कब्जे की साज़िश नाकाम होगी – डॉ. इरफान अंसारी
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आज नारायणपुर के सहरपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने वक़्फ़ संशोधन विधेयक को एक षड्यंत्र बताते हुए साफ कर दिया कि यह कानून किसी भी हाल में झारखंड और बिहार में लागू नहीं होने दिया जाएगा। मंत्री जी ने कहा कि यह विधेयक विशेष रूप से अल्पसंख्यक समुदायों को निशाना बनाने के लिए लाया गया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि भाजपा सरकार की नीयत सही नहीं है।
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार देश में नफरत की राजनीति कर रही है और अब उसने अल्पसंख्यकों की संपत्ति पर कब्जा करने के लिए वक़्फ़ संशोधन विधेयक लाने का प्रयास किया है। यह विधेयक न केवल अन्यायपूर्ण है, बल्कि यह साफ दर्शाता है कि भाजपा आने वाले समय में एक-एक करके सभी अल्पसंख्यक समुदायों को निशाना बनाने की साजिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि असल में भाजपा सरकार की नजर वक़्फ़ की जमीनों पर है, और इसी मंशा से यह कानून लाया गया है। लेकिन झारखंड सरकार कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में इसे लागू नहीं होने देगी।
मंत्री जी ने आगे कहा कि भाजपा सरकार समय-समय पर जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने का काम करती है। वह लोगों को गुमराह कर सत्ता पर काबिज रहना चाहती है। लेकिन कांग्रेस पार्टी इस विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ हमेशा खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी।
डॉ. अंसारी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस विधेयक का हर स्तर पर विरोध करेगी। यह लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी और भाजपा सरकार को इस जनविरोधी कानून को वापस लेने के लिए मजबूर किया जाएगा। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस पार्टी जनता के साथ खड़ी है और इस अन्याय के खिलाफ हर संभव लड़ाई लड़ी जाएगी।
उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व में भी भाजपा सरकार ने कृषि कानून लाकर किसानों के साथ अन्याय करने की कोशिश की थी, लेकिन राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने संघर्ष किया और अंततः सरकार को पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा। इसी तरह, इस बार भी भाजपा को घुटने टेकने पर मजबूर किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने जनता से अपील की कि वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी का समर्थन करें और भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सरकार यह सोच रही है कि वह अल्पसंख्यक समुदायों की संपत्तियों पर कब्जा कर लेगी, तो वह गलतफहमी में है। कांग्रेस पार्टी हर हाल में जनता के साथ खड़ी रहेगी और इस षड्यंत्र को सफल नहीं होने देगी।
झारखंड सरकार और कांग्रेस पार्टी इस अन्यायपूर्ण विधेयक के खिलाफ मजबूती से खड़ी है और आगे भी इस लड़ाई को जारी रखेगी।
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
यह भी पढ़ें: झारखंड में किसान समृद्धि योजना से फसल पटवन पर होगा कम खर्च – शिल्पी नेहा तिर्की