न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
उत्तर प्रदेश में प्रथम चरण का चुनाव प्रचार खत्म होने के कुछ घंटों पहले भाजपा ने ‘लोक कल्याण संकल्प पत्र’ नाम से अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया। गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में मंगलवार को इसे जारी किया गया। अपने संकल्प पत्र में भाजपा ने महिलाओं, किसानों और युवाओं के लिए वादों की बौछार कर दी है। भाजपा ने दूसरी पार्टियों की तरह अपने संकल्प पत्र को मुफ्त की चाशनी में लपेटने के बजाय राज्य की इकोनॉमी को ही मजबूत करने और युवाओं की आमदनी को दोगुना करने का बड़ा वादा किया है। फिर भी भाजपा के संकल्प पत्र में मुफ्त की चाशनी की कुछ बूंदें दिखायी दे रही हैं, लेकिन ये विशेष वर्ग के लिए हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार ने 5 साल पहले जो वादे किए थे उन्हें पूरा करके दिखाया और आगे भी पूरा करेंगे।
भाजपा के संकल्प पत्र की मुख्य बातें
भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में जनता से कई वादे किये। भाजपा ने हालांकि आप की तरह मुफ्त की रेवड़ियां बांटने का प्रयास नहीं किया, लेकिन मुफ्त की राजनीति से वह भी नहीं बच सकी है। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में कई बड़े वादे किये-
- अगले 5 वर्ष सिंचाई के लिए किसानों को मुफ्त बिजली।
- मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का राशि 15 हजार से बढ़ाकर 25 हजार की जायेगी।
- उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को होली और दीपावली पर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर।
- 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन में मुफ्त यात्रा।
- अगले 5 साल में हर परिवार में कम से कम रोजगार या स्वरोजगार के अवसर का वादा।
- प्रदेश की सभी विभागीय रिक्तियों को शीघ्रता से भरने का वादा।
- स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत 2 करोड़ टैबलेट या स्मार्टफोन वितरण।
- प्रत्येक ग्राम पंचायत में जिम और खेल मैदान स्थापित करने का वादा।
- उत्तर प्रदेश की इकोनॉमी को पहले स्थान पर लाने का वादा।
- हर व्यक्ति की आय को दोगुना करने की प्रतिबद्धता।
- 5 साल में 10 लाख करोड़ रुपए के निवेश को आकर्षित करने का वादा।
यह भी पढ़ें: UP Election 2022: आज थम जायेगा प्रथम चरण के प्रचार का शोर, 58 सीटों पर कई हस्तियों की प्रतिष्ठा है दांव पर