न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
लगता है रूस यूक्रेन पर और भी बड़े हमले की तैयारी में है। यूक्रेन पर रूसी हमले के बीच उपग्रहों से ली गयी तस्वीरें वायरल हुई हैं जिसमें करीब 40 मील (65 किमी) लंबा सैन्य काफिला यूक्रेन की राजधानी कीव की ओर बढ़ता दिख रहा है। काफिले में सेना के ट्रक, बख्तरबंद वाहन, टैंक और सैनिक शामिल हैं। कीव के अलावा, खारकिव और चेरनिव में भी दोनों सेनाओं के बीच तेज लड़ाई तो जारी है ही, लेकिन रूस उससे भी बड़ा हमला करना चाह रहा है।
इस बीच सोमवार को संयुक्त राष्ट्र के विशेष आपातकालीन सत्र की शुरुआत यूक्रेन के लिए एक मिनट के मौन के साथ शुरू की। यह विशेष सत्र यूक्रेन पर रूस के हमले की निंदा करने के लिए बुलाया गया था। यूएन असेंबली के अध्यक्ष अब्दुल्ला शाहिद ने यूक्रेन में तुरंत युद्धविराम की मांग की है। संयुक्त राष्ट्र में रूस के राजदूत का कहना है कि रूसी सेना यूक्रेन के नागरिकों के लिए खतरा नहीं है।
युद्ध का ताजा अपडेट
- रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध छठे दिन में प्रवेश कर गया है।
- रूसी सेना यूक्रेनी राजधानी कीव के अलावा खारकिव और चेरनिव पर बमबारी कर रही है।
- सोमवार को बेलारूस में दोनों देशों के बीच वार्ता विफल रही।
- खबर है कि रूस ने परमाणु परीक्षण की तैयारी शुरू कर दी है।
- रिपोर्ट्स के मुताबिक यूक्रेन के शहर ओखितिरका में रूसी सेना की ओर से जोरदार हमला किया गया है। इस हमले में कम से कम 70 यूक्रेनी सैनिकों की मौत हो गई।
- सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमानुएल माक्रों से फोन पर बात की, जिसमें पुतिन ने रूस की सुरक्षा चिंताओं को जायज बताते हुए उन्हें हल किए जाने की मांग की।
यह भी पढ़ें: यूक्रेनी महिला ने रूसी टैंक के अंदर जाकर कर दिया ऐसा काम, हैरत में डाल देगा आपको ये Video