तीसरे कार्यकाल में पहले की तुलना में तीन गुना तेजी से काम कर रही सरकार – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

संसद का बजट सत्र शुक्रवार से शुरू हो गया है। सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संयुक्त सत्र को संबोधित से हुआ है। अब लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें शुरू होंगी।, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज ही आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी। इसके बाद 1 फरवरी को मोदी 3.0 का पहला पूर्णकालिक बजट पेश होगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मोदी 3.0 सरकार का पहला पूर्ण बजट पेश करेंगी। इसके साथ ही निर्मला सीतारमण लगातार 8 बजट पेश करने वाली पहली वित्तममंत्री बन जायेगी। बता दें कि बजट सत्र दो चरणों में होगा जिसका समापन 4 अप्रैल को होगा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपना सम्बोधन प्रयागराज महाकुंभ में मची भगदड़ में मारे गये लोगों को श्रद्धाजलि देने के साथ की। उन्होंने महाकुंभ हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही राष्ट्रपति ने महाकुंभ का चल रहे ऐतिहासिक पर्व पर गर्व भी किया। उन्होंने कहा कि इस सांस्कृतिक पर्व पर देश-दुनिया से करोड़ों लोग आ रहे हैं और संगम में स्नान कर रहे हैं। राष्ट्रपति ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनके योगदानों का स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

राष्ट्रपति ने कहा कि देश तेज गति से फैसले ले रहा है। सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में पहले की तुलना में तीन गुना तेजी से काम कर रही है। सरकार गरीबों के लिए आवास योजनाओं को आगे बढ़ा रही है और गांवों में रहने वाले जरूरतमंदों के विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भारत तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, “मेरी सरकार देश में महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास में विश्वास करती है। सरकार का लक्ष्य 3 करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनाना है। राष्ट्रपति ने कहा, यह संसद के लिए बहुत गर्व की बात है कि आज बड़ी संख्या में महिलाएं लड़ाकू विमान उड़ा रही हैं, पुलिस में शामिल हो रही हैं और देश में कॉर्पोरेट्स का नेतृत्व भी कर रही हैं। हमारी बेटियां ओलंपिक पदक जीतकर देश को गौरवान्वित भी कर रही हैं।

राष्ट्रपति मुर्मू ने आगे कहा कि हमारा लक्ष्य भारत को वैश्विक नवाचार का केंद्र बनाना है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र में भारत एआई मिशन शुरू किया गया है।

राष्ट्रपति ने कहा कि आज भारत डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एक प्रमुख वैश्विक खिलाड़ी के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। दुनिया के विकसित देश भी भारत की यूपीआई लेनदेन प्रणाली की सफलता से प्रभावित हैं। मेरी सरकार ने सामाजिक न्याय और समानता के लिए डिजिटल प्रौद्योगिकी का उपयोग एक उपकरण के रूप में किया है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत का मेट्रो रेल नेटवर्क अब 1000 किलोमीटर का आंकड़ा पार कर चुका है। भारत में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि देश का विमानन क्षेत्र तेजी से प्रगति कर रहा है और एयरलाइन कंपनियां 1700 नए विमानों का ऑर्डर दे रही हैं।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि सभी नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए देश में 1.75 लाख ‘आरोग्य मंदिर’ स्थापित किए गए हैं। कैंसर रोगियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कई कैंसर दवाओं पर कस्टम ड्यूटी माफ कर दी गई है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष से ऊपर के लोगों को स्वास्थ्य लाभ दिया जा रहा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार गरीबों, युवाओं, किसानों को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता में रख रही है। गरीबों को सम्मान के साथ जीने का अवसर दिया जा रहा है। सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 करोड़ अतिरिक्त घर बनाने का लक्ष्य रखा है। 2 करोड़ 25 लाख स्वामित्व कार्ड गरीबों को वितरित किये गया है। जिसका उन्हें फायदा मिल रहा है। युवाओं के लिए शिक्षा के नये अवसर तैयार किये जा रहे हैं। छात्रों को इन्टर्नशिप के अवसर दिये गये हैं। त्रिभुवन यूनिवर्सिटी की स्थापना का प्रस्ताव है। सरकार का लक्ष्य है कि अंतिम तक पहुंचे तो विकास की किरण पहुंचे। इसी में हमारे प्रयासों की सार्थकता है। 25 करोड़ गरीबी रेखा से उबर कर प्रगति की राह पर चल रहे हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि छोटे कारोबारियों को भी आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है। मुद्रा लोन के तहत दिये जाने वाले 10 लाख के ऋण को बढ़ाकर 20 लाख रुपये किया गया है।

न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार

यह भी पढ़ें: हमारी सरकार का फोकस रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म पर रहेगा – प्रधानमंत्री मोदी