न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
पंजाब के मुख्यमंत्री पद से ‘जबरन’ हटाये जाने के बाद कांग्रेस में अपने आप को अपमानित महसूस कर रहे कैप्टन अमरिंदर सिंह ने लगता है अपना अगला राजनीतिक ठिकाना ढूंढ लिया है। बुधवार को पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बीच 40 मिनट चली लम्बी बैठक से इस संभावना को बल मिलने लगा है कि वह कभी भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। कैप्टन अचानक अमित शाह के दिल्ली स्थित आवास पहुंचे। कैप्टन और अमित शाह के बीच करीब 40 मिनट लम्बी बैठक हुई। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक अटकलें लगनी शुरू हो गयीं। इनका मजमून यही है कि कैप्टन अमरिंदर जल्द ही भाजपा में शामिल होने की घोषणा कर सकते हैं।
गौरतलब है कि पंजाब में जारी सियासी घमसान के बीच पिछले दिनों कैप्टन अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से अपदस्त कर दिया गया था। इस कारण और पंजाब प्रदेश अध्यक्ष (फिलहाल इस्तीफा दे चुके) नवजोत सिंह सिद्धू से तल्खी से भी समझा जा रहा है कि कांग्रेस में उनका बने रहना मुश्किल है। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने कहा भी था कि कांग्रेस में उनको काफी समय से अपमानित किया जा रहा था। उस समय अपने समर्थकों से बातचीत के बाद ही कोई अगला कदम उठाने की बात उन्होंने की थी। तब से माना जा रहा था कि कैप्टन अमरिंदर सिंह आने वाले दिनों में कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं।
वैसे भी पिछले दो दिनों से यह अटकलें भी लग रही थीं कि पंजाब कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा नेता अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री की भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की संभावना है।
यह भी पढ़ें: Cyclone: ‘गुलाब’ से झारखंड तो बचा, मगर महाराष्ट्र-गुजरात तबाह, दोनों राज्यों पर ‘शाहीन’ का भी खतरा