न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
धनतेरस के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बेरोजगारी का अंधेरा देश से हटाने के लिए .बहुत बड़ी शुरुआत की है। देशभर से चयनित नए 75,000 कर्मियों की दिवाली को खास बनाते हुए भारत सरकार के 38 मंत्रालयों/विभागों के लिए नियुक्ति पत्र दिया गया। मोदी देशभर में नवनियुक्त इन युवाओं से ऑनलाइन जुड़े और उन्हें प्रेरित किया। देशभर के 50 केंद्रीय मंत्रियों ने 20 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया। झारखंड के चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र देने के लिए रांची से केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी ऑनलाइन जुड़े हुए थे। इस अवसर पर बिहार के 300 युवाओं को भी नियुक्ति पत्र दिये गये।
स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डेढ़ साल में 10 लाख लोगों को जॉब्स की घोषणा की थी। 75,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया जाना उसी का हिस्सा है। इस अभियान को रोजगार मेले का नाम दिया गया है। इसका यह प्रथम चरण है जिसमें प्रधानमंत्री ने 75,000 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया है। युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने और नागरिकों का कल्याण सुनिश्चित करने की प्रधानमंत्री की निरंतर प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री के निर्देशानुसार, सभी मंत्रालय और विभाग मिशन मोड में स्वीकृत पदों की मौजूदा रिक्तियों को भरने की दिशा में काम कर रहे हैं।
38 मंत्रालयों/विभागों में होगी नियुक्ति
देशभर से चयनित नए कर्मियों को भारत सरकार के 38 मंत्रालयों/विभागों में नियुक्त किया जायेगा। नवनियुक्त कर्मी विभिन्न स्तरों पर सरकार में शामिल होंगे, जैसे समूह-ए, समूह-बी (राजपत्रित), समूह-बी (अराजपत्रित) और समूह-सी। जिन पदों पर नियुक्तियां की जा रही हैं, उनमें केंद्रीय सशस्त्र बल कार्मिक, उप निरीक्षक, कांस्टेबल, एलडीसी, स्टेनो, पीए, आयकर निरीक्षक, एमटीएस तथा अन्य शामिल हैं।
ये भर्तियां, मंत्रालयों और विभागों द्वारा मिशन मोड में या तो स्वयं या यूपीएससी, एसएससी, रेलवे भर्ती बोर्ड जैसी भर्ती एजेंसियों के माध्यम से की जा रही हैं। शीघ्र भर्ती के लिए, चयन प्रक्रियाओं को सरल और तकनीकी रूप से सक्षम बनाया गया है।
यह भी पढ़ें: T20 World Cup: कल से शुरू हो रहे मुकाबले, रविवार को भारत-पाकिस्तान ‘महामुकाबले’ में मौसम बनेगा खलनायक!