पूरे झारखंड पर 14 और 15 फरवरी को रंगों के त्यौहार का रंग खूब चढ़ा। आम हों या खास, सभी ने रंगों के त्यौहार का जमकर लुत्फ उठाया। तो भला पुलिस वाले क्यों पीछे रहते? उन्होंने भी अपने अंदाज में जमकर होली खेली। रांची में तो इसका एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। रांची के एसएसपी एवं सह डीआईजी चंदन कुमार सिन्हा के आवास पर भी फागुन के रंग खूब चढ़ा।
होली समारोह के दौरान एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने फगुवा गीत गाकर समा बांध दिया। उनके सुरों में रांची ग्रामीण एसपी सुमित कुमार अग्रवाल, हेड क्वार्टर डीएसपी अमर पांडेय, पुलिस पदाधिकारी और जवानों ने भी स्वर मिलाया।
एसएसपी ने बेहतरीन फगुवा गाया, जिसका आधार एक परेशान पुलिसवाले की बीवी थी, जो इसलिए परेशान थी क्योंकि उसके पति को छुट्टी नहीं मिल पा रही थी। पुलिस वाले की इसी पीड़ा को एसएसपी ने अपने फगुआ गीत के माध्यम से सभी के सामने पेश किया, जिसे सुनकर सभी पुलिस परिवार के लोग लोटपोट हो गए।
इससे पहले शनिवार सुबह से ही रांची एसएसपी के आवास पर सभी थानेदार, पुलिसकर्मियों का आना लग रहा। सभी ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली का पर्व मनाया और एक दूसरे को अबीर और गुलाल लगाकर बधाइयां दी।
एसएसपी आवास के होली में एक तरफ जहां सभी पुलिसकर्मी मौजूद थे, वही दूसरी तरफ एसएसपी का पूरा परिवार भी मौजूद था। एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा की आईएएस पत्नी कंचन सिंह ने भी जमकर होली खेली और फगुवा गाकर पति का भरपूर साथ दिया।
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
यह भी पढ़ें: बाहा पर्व में शामिल हुए सीएम हेमंत सोरेन, सरना पूजा कर राज्यवासियों के कल्याण की कामना की