झारखंड की 2 और बिहार की 5 सीटों के लिए बिछेगी बिसात
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड–बिहार
राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ देश के 15 राज्यों की 57 सीटों की चुनाव प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गयी। अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन का काम शुरू हो गया है। नामांकन-पत्र 31 मई तक दाखिल किये जायेंगे। इसके बाद नामांकन-पत्रों की जांच 1 जून को होगी। 3 जून तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 10 जून को होगा और परिणाम भी उसी दिन शाम तक घोषित कर दिये जायेंगे।
किस राज्य में कितनी सीटों पर होगा चुनाव
राज्यसभा की 245 सीटों में से रिक्त हो रहीं 57 सीटों में से झारखंड में 2 सीटों पर चुनाव होगा, वहीं बिहार की खाली हो रहीं 5 सीटों पर चुनाव होगा। राज्यसभा में उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 31 सदस्य हैं। इनमें से 11 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल 4 जुलाई को खत्म हो रहा है। महाराष्ट्र और तमिलनाडु के 6-6 सदस्यों का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है। राजस्थान, आंध्रप्रदेश और कर्नाटक से राज्यसभा के 4-4 सदस्यों का कार्यकाल खत्म हो रहा है। मध्यप्रदेश और ओडिशा से राज्यसभा के तीन-तीन सदस्यों का, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, पंजाब और हरियाणा से राज्यसभा के दो-दो सदस्यों का भी कार्यकाल समाप्त हो रहा है।
सीट लेने पर अड़ गयी है कांग्रेस
वर्तमान में झामुमो के पास सर्वाधिक 30 सीटें हैं, भाजपा के पास 26 और कांग्रेस के पास 17 सीटें हैं। झामुमो अपनी जीत के लिए आश्वस्त है और वह अपना कैंडिडेट राज्यसभा भेजना चाहती है, लेकिन कांग्रेस अड़ी हुई है कि वह अपना कैंडिडेट खड़ी करेगी। जबकि झामुमो प्रवक्ता सुप्रीयो भट्टाचार्य स्पष्ट कह चुके हैं कि राज्यसभा की सीट पर हमारा स्वाभाविक दावा है। हालांकि झामुमो ने अपने प्रत्याशी को लेकर कोई संकेत अब तक नहीं दिये हैं। लेकिन कांग्रेस पीछे हटने के मूड में नहीं है।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर को अपना उम्मीदवार बना सकती है। हालांकि कांग्रेस की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व सांसद फुरकान अंसारी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार भी दावेदारी ठोंक रहे हैं। लेकिन लग रहा है कि अगर कांग्रेस राज्यसभा के लिए कोई उम्मीदवार देती है तो वह राजेश ठाकुर ही होंगे।
उधर, भाजपा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, दीपक बंका सहित कई नामों पर मंथन चल रहा है।
यह भी पढ़ें: झारखंड सरकार को सुप्रीम कोर्ट ने दिया झटका, हाई कोर्ट ही करेगी तीनों घपलों की सुनवाई