राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले मोदी का रोड शो
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आज नयी दिल्ली में शुरू हो रही है। भाजपा की आगामी राजनीतिक रणनीति के मद्देनजर यह बैठक बेहद खास है। क्योंकि इस साल देश के 9 राज्यों के विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और अगले साल लोकसभा का चुनाव भी होने वाला है। ऐसे में राज्यों के चुनावों के परिणाम लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा की तैयारियों की कहानी तो कहेंगे ही, 2024 में लोकसभा चुनाव में भाजपा की सम्भावनाएं भी इसी पर टिकी होंगी। चुनावों को देखते हुए पार्टी संगठन में बदलाव के साथ केन्द्रीय मंत्रिमंडल में बदलाव की भी चर्चाएं चल रही हैं। 16 और 17 जनवरी को राजधानी दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत तमाम दिग्गज भाजपा नेता उपस्थित रहेंगे।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही पार्टी के तमाम दिग्गज नेता उपस्थित रहेंगे। भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों का भी जायजा लिया जाएगा। साथ ही बैठक में जी-20 की भारत की अध्यक्षता को लेकर सरकार की ओर से तैयार देशव्यापी कार्यक्रमों पर विचार-विमर्श की किए जाने की संभावना है।
पार्टी संगठन में बदलाव की अटकलें
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को लेकर चर्चाएं यह भी हैं कि भाजपा के राष्ट्रीय संगठन के साथ राज्यों के भी संगठन में बदलवा देखने को मिल सकता है। दूसरे राज्यों के साथ झारखंड के राज्य स्तरीय संगठन में भी बदलाव की चर्चाएं पिछले कुछ दिनों से चल रही हैं। लेकिन सबसे बड़ी चर्चा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को लेकर है। चूंकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तीन वर्षों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है तो सम्भव हो कि आगामी चुनावों को देखते हुए उनके कार्यकाल को एक वर्ष का विस्तार मिल सकता है। वैसे हिमाचल प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार के बाद उनकी क्षमता पर भी सवाल उठ रहे थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली में करेंगे रोड शो
दिल्ली में सोमवार को भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक से पहले पीएम मोदी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रोड शो करेंगे। यह रोड शो दिल्ली के पटेल चौक से संसद मार्ग जय सिंह रोड जंक्शन तक होगा। इसको लेकर आज के लिए प्रशासन ने यातायात के लिए रूट तय किये हैं। कुछ रूटों को बंद किया गया है, वहीं कुछ रुट डायवर्ट किए गये है।
यह भी पढ़ें: Bihar: केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे दुर्घटना में बाल-बाल बचे