न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों बुधवार को 106 विशिष्ट जनों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया। आर्किटेक्ट बालकृष्ण दोषी जहां पद्म विभूषण से सम्मानित किये गये वहीं, कुमार मंगलम बिड़ला को व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। बता दें, कुमार मंगलम अपने परिवार में पद्म पुरस्कार पाने वाले चौथे व्यक्ति हैं। उनसे पहले मां राजश्री, दादा बसंत कुमार बिड़ला को पद्म भूषण और परदादा घनश्याम दास बिड़ला को पद्म विभूषण पुरस्कार मिल चुके हैं.
किन-किन विभूतियों को मिले पद्म पुरस्कार
- पंडवानी लोक गायिका उषा बारले को पद्मश्री से सम्मानित किया गया। जैसे ही उनका नाम घोषित किया गया उन्होंने पीएम मोदी के सामने घुटनों के बल बैठकर उन्हें प्रणाम किया।
- चुनारा समुदाय के कलमकारी कलाकार भानुभाई चुनीलाल चितारा माता नी पछेड़ी पेंटिंग की 400 साल पुरानी कला को जीवित रखने के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
- इंडीजेनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र चंद्र देबबर्मा को मरणोपरांत पद्मश्री सम्मान दिया गया।
- चावल की 50 से अधिक देशी किस्मों को संरक्षित रखने वाले वायनाड के कुरचिया आदिवासी किसान रामन चेरुवयल को पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
- एयर इंडिया कनिष्क विमान हादसे में अपने परिवार को खोने वाले समर्पित कार्यकर्ता संकुरात्रि चंद्रशेखर को पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
- पीतल के बर्तनों पर नक्काशी करने वाले दिलशाद हुसैन को पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा गया।
यह भी पढ़ें: देश को मिलने वाला है नया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया ऐलान