PM Modi Rozgar Mela : केन्द्र सरकार ने डेढ़ साल के अन्दर 10 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र देने के अपने वायदे के तहत शुक्रवार को 71 हजार और युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान करने की औपचारिकता पूरी की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रोजगार मेले के तहत नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इसके बाद केन्द्र के सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्त 71 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। इस मौके पर पीएम मोदी ने नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं के साथ पूरे देश को संबोधित भी किया। पीएम मोदी ने कहा कि रोजगार मेला हमारे सुशासन की पहचान बन गया है और यह हमारे वादों को निभाने के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का वसीयतनामा है।
8 वर्षों में लाखों रोजगार के अवसर बने – पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि आधारभूत संरचना के विकास के चलते देश में पिछले 8 वर्षों में रोजगार के लाखों अवसर बने हैं। आधारभूत संरचना में 100 लाख करोड़ का निवेश रोजगार की अपार संभावनाओं के द्वार खोल रहा है। रोजगार और स्वरोजगार के अवसर लगातार बन रहे हैं। यह तेजी से आगे बढ़ते हुए भारत को दर्शाता भी है।
पारदर्शी तरीके से भर्ती – पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि आज पारदर्शी तरीके से भर्ती और पदोन्नति युवाओं में भरोसा जगाती है। ये पारदर्शिता बेहतर तरीके से उन्हें प्रतियोगिता में उतरने के लिए प्रेरित करती है। हमारी सरकार इसी दिशा में निरंतर काम कर रही है। केंद्र सरकार, एनडीए और भाजपा शासित राज्यों में भी लगातार रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।
रांची में केन्द्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने दिया नियुक्ति पत्र
प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से युवाओं से जुड़े उन्हें शुभकामनाएं देने के साथ नियुक्ति पत्र प्रदान करने की घोषणा की। देश के विभिन्न राज्यों में नियुक्ति पत्र केन्द्र सरकार द्वारा प्रतिनियुक्त विशिष्ठ लोगों द्वारा प्रदान किये गये। रांची में दरभंगा हाउस में बनाये गये केन्द्र पर 219 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया गया। रांची में इन युवाओं केन्द्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने नियुक्ति पत्र प्रदान किये। केन्द्रीय मंत्री पारस इस विशेष कार्यक्रम के लिए आज रांची पहुंचे थे।
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
यह भी पढ़ें: Jharkhand में पत्थर, बालू, कोयला से निकलता है घी, जिसे खाकर खराब हो रहा पेट
PM Modi Rozgar Mela