झारखंड में अब बढ़ेगी गर्मी, होली पर 40 डिग्री पारा रहने के आसार

holi celebration, holi update, holi weather

रांची. रॉकेट की स्पीड से झारखंड के शहरों के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है. राजधानी रांची की बात करें तो बीते 24 घंटे में यहां मौसम शुष्क रहा. वहीं, दोपहर में कड़ी धूप ने हाल बेहाल कर दिया. यही हाल अन्य जिलों का भी रहा. लोगों को फिलहाल कोई राहत नहीं मिलने वाली. अधिकतम तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है.

रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड के आसपास कोई सिनॉप्टिक फीचर नहीं देखा जा रहा है. अब प्रदेश में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ते हुए देखने को मिलेगी. गर्मी के कारण उमस की स्थिति भी रहेगी. अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक जा सकता है. न्यूनतम तापमान 22 डिग्री तक जाने की संभावना है. ऐसे में इस समय लोग खुद को हाइड्रेट और सुरक्षित रखें.

होली तक ऐसा ही मौसम
मौसम केंद्र के अनुसार, आज बारिश की संभावना नहीं है. अधिकतम तापमान 35-39 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. न्यूनतम तापमान 18-22 डिग्री के बीच रह सकता है. दोपहर में उमस जैसी स्थिति देखने को मिलेगी. साथ में कर्कश धूप व होली तक फिलहाल ऐसे ही मौसम की संभावना है. ऐसे में होली में उमस के कारण थोड़ा असहज महसूस कर सकते हैं.

गढ़वा में सबसे कम तापमान
बीते 24 घंटे में प्रदेश के सबसे गर्म जिले की बात करें तो सरायकेला में अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री दर्ज किया गया. वही, ठंड जिले की बात करें तो सबसे कम तापमान गढ़वा में दर्ज किया गया. यहां 13.6 डिग्री पारा रहा.

जिलों का संभावित तापमान
संभावित तापमान की बात करें तो देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहिबगंज में अधिकतम 36 व न्यूनतम 20 डिग्री, कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू में अधिकतम 37 डिग्री व न्यूनतम 19 डिग्री, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला अधिकतम 37 डिग्री व न्यूनतम 20 डिग्री, पूर्वी व पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला खरसावां व सिमडेगा अधिकतम 38 व न्यूनतम 22 डिग्री दर्ज किया जा सकता है.