थम गया लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के प्रचार का शोर, 8 राज्यों की 57 सीटों पर 1 जून को मतदान

The noise of campaigning for the last phase of Lok Sabha elections has stopped, voting on June 1

लोकसभा चुनाव 2024 के अंतिम चरण के अब मतदान की बारी है। गुरुवार को सातवें और आखिरी चरण का चुनाव प्रचार का शोर शाम पांच बजे थम गया। इसके साथ ही निर्वाचन आयोग मतदान की तैयारियों में जुट गया। सातवें चरण में आठ राज्यों की कुल 57 सीटों पर मतदान होना है। इस चरण में भी कई अहम सीटें शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर मतदान

सातवें चरण में उत्तर प्रदेश की शेष 13 सीटों पर मतदान होना है। उत्तर प्रदेश की जिन सीटों पर इस चरण में मतदान होना है, वे सभी सीटें पूर्वांचल की हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र की की वाराणसी सीट के साथ गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बांसगांव, घोसी, सलेमपुर, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर और रॉबर्टगंज शामिल हैं। इस चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा गोरखपुर से अभिनेता रवि किशन (भाजपा) और देवरिया से अखिलेश प्रताप सिंह (कांग्रेस) मैदान में हैं।

पंजाब की सभी 13 सीटों पर मतदान

आखिरी चरण में पंजाब की सभी 13 सीटों पर भी मतदान हो रहा है। गुरदासपुर, अमृतसर, खडूर साहिब, जालंधर, होशियारपुर, आनंदपुर साहिब, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, फरीटकोट, फिरोजपुर, बठिंडा, संगरूर और पटियाला सीटें शामिल हैं। जहां तक चर्चित चेहरों की बात करें तो जालंधर से कांग्रेस के टिकट पर पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी मैदान, गुरदासपुर से पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा (कांग्रेस) और लुधियाना सीट से पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वारिंग चुनाव मैदान में हैं।

पश्चिम बंगाल में 9 सीटों पर मतदान

पश्चिम बंगाल की भी 42 में से आखिरी 9 सीटें पर मतदान होना शेष है। पश्चिम बंगाल में दमदम, बारासात, बशीरहाट, जयनगर, मथुरापुर, डायमंड हार्बर, जादवपुर, कोलकाता दक्षिण और कोलकाता उत्तर सीट पर मतदान होगा। बड़े चेहरों में डायमंड हार्बर सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी तृणमूल कांग्रेस की टिकट पर मैदान में हैं। इसके अलावा, जादवपुर सीट से बंगाली अभिनेत्री और गायक सायोनी घोष टीएमसी के टिकट से चुनाव लड़ रही हैं।

बिहार में 8 सीटों पर होगा मतदान

बिहार की 8 सीटों नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकाट और जहानाबाद में 1 जून को मतदान होगा। इस चरण में कई चर्चिच चेहरों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। काराकाट से भाजपा के सहयोगी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा मैदान में हैं। कुछ दिन पहले तक भाजपा में रहे भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह भी यहां से निर्दलीय मैदान में हैं। वहीं, पटना साहिब से रविशंकर प्रसाद (भाजपा) और आरा से केंद्रीय मंत्री आरके सिंह चुनाव लड़ रहे हैं।

ओडिशा की 6 सीटों पर मचेगा घमसान

ओडिशा की 6 सीटों मयूरभंज, बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा और जगतसिंहपुर पर अब मतदान शेष है। मयूरभंज सीट से ओडिशा के राजस्व मंत्री सुदाम मरांडी (BJD) मैदान में हैं।

हिमाचल की 4 सीटों पर मतदान

अंतिम चरण में हिमाचल प्रदेश की सभी 4 सीटों पर मतदान होगा। जिनमें कांगड़ा, हमीरपुर, मंडी और शिमला की लोकसभा सीटें शामिल हैं। हमीरपुर से जहां केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर मैदान में हैं, वहीं मंडी में अभिनेत्री कंगना रनौत (भाजपा) और विक्रमादित्य सिंह (कांग्रेस) के बीच जोरदार टक्कर है।

झारखंड की 3 सीटों बनी हुई हैं हॉट

झारखंड की राजमहल, दुमका और गोड्डा सीटों पर अंतिम चरण में मतदान है। संताल की ये तीनों सीटें एनडीए और इंडी गठबंधन के लिए प्रतिष्ठा का विषय बनी हुई हैं। गोड्डा से भाजपा के चर्चित सांसद निशिकांत दुबे मैदान में हैं। उनका मुकाबलता कांग्रेस के प्रदीप यादव से है। दुमका से पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन भाजपा के टिकट पर लड़ रही हैं। उनके सामने झामुमो के नलिन सोरेन की चुनौती है। राजमहल सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है। भाजपा के ताला मरांडी और झामुमो के विजय हांसदा के बीच सीधी टक्कर है। लेकिन झामुमो के बागी नेता लोबिन हेम्ब्रम इस मुकाबले को रोचक बनाए हुए हैं।

चंडीगढ़ की एक मात्र सीट पर मतदान

केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ की इकलौती सीट पर भी अंतिम चरण में मतदान हो रहा है। इस सीट पर कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने इस सीट पर संजय टंडन को चुनाव मैदान में उतारा है।

न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार

यह भी पढ़ें: Jharkhand: रिमांड की अवधि खत्म होने के बाद आलमगीर भेजे गये जेल, 14 दिन हो चुकी है पूछताछ

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *