न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
विधानसभा चुनाव 2022 में भारी बहुमत हासिल कर पंजाब में आज आम आदमी पार्टी की सरकार बन गयी। भगत सिंह ने पैतृक गांव खटकर कलां में पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में भगवंत मान ने शपथ ग्रहण किया। भगवंत मान को राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलायी। समारोह में आप के सभी विधायक मौजूद थे। भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह में निवर्तमान मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी मौजूद नहीं थे। यही नहीं, शपथ ग्रहण समारोह में केजरीवाल के अलावा कोई और मुख्यमंत्री मौजूद नहीं था। दरअसल, शपथ ग्रहण समारोह में किसी केंद्रीय मंत्री या प्रमुख राष्ट्रीय नेता को आमंत्रित नहीं किया गया था।
वसंती रंग में रंगा समारोह
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस खास मौके पर पीले रंग की पगड़ी पहन रखी थी। बता दें, भगवंत मान ने अमर शहीद सरदार भगत सिंह के गांव में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया था, इसलिए उन्होंने पीले रंग की पगड़ी धारण की थी। पीला यानी वसंती रंग भगत सिंह की पहचान थी। ‘रंग दे वसंती चोला’ अमर गीत है और सरदार भगत सिंह के साथ इसका चोली दामन का साथ है। इस गीत और वसंती चोला पहन कर भगत सिंह स्वतंत्रता संग्राम में कूद पड़े थे।
एक वीडियो संदेश के द्वारा राज्य के लोगों को भगवंत मान ने अपने शपथ ग्रहण समारोह में सभी को आमंत्रित किया था। जिसमें समारोह में आने वाले सभी पुरुषों से ‘बसंती (पीली) पगड़ी और महिलाओं को पीला ‘दुपट्टा (चुराया) पहनने का आग्रह किया था।
यह भी पढ़ें: ऑफिस में निजी काम के लिए किया फोन तो इस राज्य में खैर नहीं, हाई कोर्ट ने राज्य सरकार को कानून बनाने के दिया आदेश