विस उपचुनाव में एनडीए को तगड़ा झटका, भाजपा को सिर्फ 2 सीट, इंडी गठबंधन की बल्ले-बल्ले

NDA gets a jolt in by-elections, BJP gets 2 seats, Indy alliance is having a great time

10 जुलाई को 7 राज्यों की 13 सीटों पर हुए उपचुनाव में एनडीओ को तगड़ा झटका लगा है। वहीं, इंडी गठबंधन की इस उपचुनाव में बांछें खिल गयी हैं। एनडीए के लिए भाजपा खाते में सिर्फ दो सीटें आयी हैं। बाकी सीटों पर इंडी गठबंधन की पार्टियों ने कब्जा जमाया है। भाजपा को जहां 2 सीटें मिली हैं, वहीं कांग्रेस और टीएमसी ने 4-4 सीटों पर कब्जा जमाया है। 1 सीट आप ने और एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार ने जीती है। 1 सीट डीएमके ने जीती।

बिहार

बिहार में एनडीए को बड़ा झटका लगा है। बिहार की रुपौली सीट जदयू के हाथों से निकल गयी है। 10 जुलाई को बिहार की रुपौली सीट के लिए उपचुनाव हुआ था। यह सीट निर्दलीय शंकर सिंह ने जीती है। शंकर सिंह ने जदयू प्रत्याशी कलाधर मंडल को 8,211 मतों से पराजित किया। शंकर सिंह को कुल 67,779 वोट मिले हैं। दूसरे नम्बर पर जदयू के कलाधर मंडल को 59,568 मत मिले। लेकिन यह उपचुनाव राजद की बीमा भारती के लिए सबसे निराशाजनक रहा। दरअसल यह सीट बीमा भारती की थी, उन्होंने जदयू के टिकट से लड़कर यह सीट जीती थी। लेकिन पूर्णिया से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने पार्टी और सीट दोनों छोड़ दी। न तो वह पूर्णिया लोकसभा सीट जीत सकीं और नही, विधानसभा सीट ही उनकी हुई। इस उपचुनाव में बीमा भारती को 30,108 वोट मिले और वह तीसरे नम्बर पर रहीं।

उत्तराखंड

उत्तराखंड के बद्रीनाथ और मंगलौर विधानसभा उप चुनाव में कांग्रेस बाजी मार गई है। दोनों सीटों पर कांग्रेस ने परचम लहराया है। बद्रीनाथ में कांग्रेस उम्मीदवार लखपत सिंह बुटोला 5224 मतों से तो मंगलौर में कांग्रेस उम्मीदवार काजी निजामुद्दीन 422 वोटों से चुनाव जीते हैं। बद्रीनाथ सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार लखपत बुटोला को 28161 वोट, भाजपा उम्मीदवार राजेंद्र भंडारी को 22937 वोट मिले। मंगलौर सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार काजी निजामुद्दीन को 31727 वोट तथा भाजपा के उम्मीदवार करतार सिंह भड़ाना को 31305 वोट मिले।

हिमाचल

हिमाचल प्रदेश के तीन विधानसभा क्षेत्रों- देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ में हुए उपचुनाव में सताधारी कांग्रेस का पलड़ा भारी रहा। कांग्रेस ने दो और भाजपा ने एक सीट पर जीत दर्ज की है। देहरा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश ठाकुर ने भाजपा के होशियार सिंह को 9399 मतों के अंतर से हराया। कमलेश ठाकुर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की धर्मपत्नी हैं। नालागढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी हरदीप बाबा ने अपने निकटवर्ती प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी केएल ठाकुर को 8990 मतों के अंतर से हराया। कांग्रेस के हरदीप बाबा को 34,608 मत मिले, जबकि भाजपा के केएल ठाकुर को 25,618 मत मिले। हमीरपुर सीट पर हुए भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबला हुआ। भाजपा के आशीष शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा को 1571 मतों से पराजित किया। आशीष शर्मा को 27,041 मत पड़े, वहीं डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा 25,470 मत मिले।

पंजाब

पंजाब में जालंधर पश्चिमी विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल कर ली है। आप प्रत्याशी महेंद्र भगत 37,325 वोटों से जीते हैं। बीजेपी उम्मीदवार दूसरे और कांग्रेस उम्मीदवार तीसरे स्थान पर रहे। आप को 55,246 वोट, बीजेपी उम्मीदवार शीतल अंगुराल को 17921 वोट, कांग्रेस उम्मीदवार सुरिंदर कौर को 16757 वोट मिले।

पश्चिम बंगाल

पश्चिम बंगाल की चारों सीटों पर तृणमूल कांग्रेस ने कब्जा जमाया है। बागदा, राणाघाट, मानिकतला और रायगंज सीट पर TMC को जीत मिली है। बागदा में TMC प्रत्याशी मधुपर्णा ठाकुर ने भाजपा उम्मीदवार बिनय कुमार को 33,455 मतों से हरा दिया है। रायगंज में TMC प्रत्याशी कृष्णा कल्याणी ने भाजपा के मानस कुमार घोष को 50,077 वोटों से हरा दिया है। राणाघाट में TMC के मुकुट मणि अधिकारी ने भाजपा के मनोज कुमार बिस्वास को हराया है। वहीं मनिकतला में भी TMC की सुप्ति पांडेय को जीत मिली है।

मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा विधानसभा सीट बीजेपी प्रत्याशी कमलेश शाह ने जीती है। कमलेश शाह ने कांग्रेस उम्मीदवार धीरनशा सुखराम दास इनवाती को 3252 वोट से हरा दिया। कमलेश शाह को 83036 वोट प्राप्त हुए तो वहीं, कांग्रेस के धीरनशा को 79784 वोट मिले।

तमिलनाडु

तमिलनाडु की विक्रवांडी विधानसभा सीट पर डीएमके के अन्नियूर शिवा जीते हैं। उन्होंने पीएमके उम्मीदवार सी अंबुमणि को हराया।

न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार

यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन दिल्ली में कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी से मिले

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *