भारतीय शेयर बाजारों में इन दिनों लगातार शेयर बाजार गोता लगा रहा है। शेयर बाजार की इस लगातार गिरावट के कारण निवेशकों में हाहाकार मचा हुआ है। शुक्रवार को भी ऐसा देखने को मिला। शेयर बाजार खुलते ही धड़ाम से गिर गये। सेंसेक्स करीब 1000 अंकों से अधिक क्रैश होकर 73,602.79 अंक पर आ गया। जबकि निफ्टी-50 भी 316 अंकों या 1.4 फीसदी का गोता लगाकार 22,228.80 के स्तर पर आ गया। खबर है कि इस भारी गिरावट के कारण कुछ ही देर में निवेशकों के 7 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गये। शेयर बाजार में अप एंड डाउन सितम्बर महीने से जारी है। सितम्बर महीने में ही शेयर बाजार 85000 के अंक को पार कर गया है और आज यह स्थिति है कि यह 73,602 के अंक पर आ गया है। आखिर इसकी वजह क्या है? कहीं इसके पीछे अमेरिका तो नहीं है?
डोनाल्ड ट्रंप जिन्होंने 20 जनवरी, 2025 को अमेरिकी राष्ट्रपति की कमान सम्भाली है, पहले ही दिन से अपने बयानों और अपने ऐलानों से दुनिया में हड़कम्प मचाये हुए हैं। उनके टैरिफ को लेकर ऐलान की वजह से दुनियाभर के बाजार में निगेटिव माहौल बना है, जिसका असर घरेलू शेयर बाजार में भी दिख रहा है। और आज शुरुआती कारोबार में गिरावट का रंग देखने को मिला है, उससे तो निवेशक पूरी तरह से सहम गये हैं। भले ही ट्रम्प जनवरी में अमेरिका के राष्ट्रपति बने हैं, लेकिन शेयर बाजार में चल रहा उतार-चढ़ाव सितम्बर से ही जारी है। यह वही समय है जब अमेरिकी चुनाव की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में थी और डेनाल्ड ट्रम्प के फिर से सत्ता में आने की अटकलें तेज हो गयी थीं। साथ ही उनकी बयानबाजियां भी चल रही थीं। तो क्या यह मान लिया जाये डोनाल्ड ट्रम्प भारतीय शेयर बाजार के लिए सही नहीं हैं। बताया जा रहा है कि पिछले पांच महीनों में निवेशकों के 28 लाख करोड़ रुपये शेयर बाजार में डूबे हैं।
आज की बात करें तो, बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण शेयर बाजार लगातार गिरता चला गया। हालांकि खरीदारों ने बीच में कई बार लिवाली का जोर बनाने की कोशिश भी की, इसके बावजूद बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की स्थिति में सुधार नहीं हो सका। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1.20 प्रतिशत और निफ्टी 1.26 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 410.66 अंक की कमजोरी के साथ 74,201.77 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण इस सूचकांक की गिरावट बढ़ती चली गयी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण सुबह 10 बजे तक ये सूचकांक 1,030 अंक से भी अधिक टूट कर 73,579.44 अंक तक गिर गया।
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
यह भी पढ़ें: कोरोना जैसी महा आपदा से धूरी ताकत से लड़ा झारखंड? कैग की रिपोर्ट में सच्चाई आयी सामने!