पूर्णिया के तनिष्क शोरूम से 25 करोड़ के लूटकांड का मुख्य आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर

10 मार्च को पूर्णिया में तनिष्क शोरूप से 25 करोड़ की लूटकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने ढेर कर दिया है। अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस ने लूटकांड के मुख्य आरोपी चुनमुन झा को ढेर कर दिया है। शुक्रवार रात अपराधियों के साथ हुई मुठभेड़ में पांच पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पटना एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने थलहा नहर के पास घेराबंदी कर यह कामयाबी हासिल की है। मुठभेड़ में दोनों ओर से गोलीबारी हुई। बताया जा रहा है कि एनकाउंटर में पूर्णिया तनिष्क लूटकांड का आरोपी और कुख्यात अपराधी चुनमुन झा को तीन गोलियां लगीं। उसे घायल अवस्था में अररिया सदर अस्पताल लाया गया और इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक अन्य अपराधी को गोली लगी, लेकिन वह भागने में सफल हो गया। दोनों ओर से हुए एनकाउंटर में पांच पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हुए है।जिसकी पुष्टि अररिया एसपी अंजनी कुमार ने भी की। घायल पुलिसकर्मियों में एसटीएफ के पुलिस निरीक्षक मो. मुश्ताक, नरपतगंज थानाध्यक्ष कुमार विकास, एसटीएफ चालक नागेश,एसटीएफ के जवान शहाबुद्दीन अंसारी, एसटीएफ के दीपक कुमार शामिल हैं। घायलों का इलाज अररिया सदर अस्पताल में किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि मजलिसपुर, पलासी निवासी चुनमुन झा कई लूटकांडों का मास्टरमाइंड है। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अपने गैंग के साथ नरपतगंज में छिपा है। इसे पकड़ने के लिए पटना एसटीएफ की टीम अररिया पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से थलहा नहर के पास दबिश दी गई। अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। चुनमुन झा के पैर और सीने में तीन गोलियां लगीं।

न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार

यह भी पढ़ें: बिहारी होने के नाते मनाते हैं बिहार दिवस, त्यौहार के रूप में मनाएं यह दिवस – नीतीश कुमार